Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
CRIME

राजधानी में गैंगवार की साजिश नाकाम: भारी मात्रा में हथियारों के साथ छह आरोपित दबोचे

राजधानी में गैंगवार की साजिश नाकाम: भारी मात्रा में हथियारों के साथ छह आरोपी दबोचे

जयपुर, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रामनगरिया थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) जयपुर पूर्व ने ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के जखीरे सहित छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से तीन देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, उनतीस जिंदा कारतूस व दो खाली मैगजीन और एक स्विफ्ट कार जब्त की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच पड़ताल में सामने आया कि गिरफ्तार बदमाश इलाकों को लेकर वर्चस्व की जंग में बदला लेने के लिए इकट्ठा हुए थे। लेकिन पुलिस ने गैंगवार होने से पहले ही सभी छह बदमाशों को धर—दबोच लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ करने में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (डीसीपी पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत रामनगरिया थाना पुलिस और डीएसटी ने अवैध हथियारों के साथ बदमाश खालिद खान (24) निवासी मनोहरपुरा कच्ची बस्ती जगतपुरा, महेन्द्र सिंह गुर्जर उर्फ माही गुर्जर (22) निवासी बामनवास जिला सवाई माधोपुर, गिरधारी मिरोटा (27) निवासी लालसोट जिला दौसा, रवि गुर्जर (20) निवासी शिश्यावास रामनगरिया, हनीफ मेव (23)निवासी नंहू (हरियाणा) हाल सीतापुरा सांगानेर सदर और नितिन घीया (23) निवासी माडल टाउन कॉलोनी जामडोली को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से तीन देसी पिस्टल,एक देसी कट्टा,उनतीस जिंदा कारतूस व दो खाली मैगजीन और एक स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार बदमाश महेन्द्र सिंह उर्फ माही गुर्जर दौसा के लालसोट से अपहरण के मामले में वांछित है। गिरफ्तार आरोपित रवि गुर्जर व नितिन घीया से पूछताछ में सामने आया कि यह हथियार खालिद खान व महेन्द्र सिंह उर्फ माही गुर्जर ने उनके लिए व खुद के लिए हथियार उपलब्ध करवाये थे । खालिद खान व महेन्द्र सिंह उर्फ माही गुर्जर यह हथियार कहां से लेकर आये व किस-किस को हथियार सप्लाई किये, इस बारे में पूछताछ की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) आलोक सिंघल ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ में सामने आया है कि बदमाश रवि गुर्जर वीआईटी सीतापुरा में क्रिकेट ग्राउंड चलाता है। जिसकी रामनगरिया के मेंदला निवासी बाली मीणा से वर्चस्व व रामनगरिया,प्रताप नगर, खोह नागोरियान, कानोता, बस्सी और शिवदासपुरा इलाके को लेकर आपसी वर्चस्व को लेकर बाली मीणा गैंग से झगड़ा चल रहा है। जहां 2 दिसंबर को बाली मीणा ने अपने साथियों के साथ मिलकर रवि के दोस्त सोनू मीणा के साथ मारपीट की थी। बदला लेने के लिए गैंग लोग हथियारों के साथ रामनगरिया इलाके में इकट्ठा हुए थे। वहीं सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर हथियारबंद सभी छह बदमाशों को पकड़ा। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदाते खुलने की आशंका जताई जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *