Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

बीकानेर में गैस पाइपलाइन से औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, गेसोनेट व उद्योग संघ के बीच मंथन

बीकानेर की औद्योगिक इकाई को मिली गैस पाइप लाइन सौगात

बीकानेर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । संभाग मुख्यालय बीकानेर में गैस पाइपलाइन सुविधा के शीघ्र विस्तार और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से गेसोनेट कंपनी के जनरल मैनेजर गंगाप्रसाद बरुआ और बीकानेर जिला उद्योग संघ के पदाधिकारियों के बीच विचार-विमर्श हुआ। बैठक में उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, सचिव वीरेंद्र किराडू तथा उद्योगपति मनीष सिपानी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान गंगाप्रसाद बरुआ ने बताया कि बीकानेर के औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों को चरणबद्ध रूप से गैस पाइपलाइन से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करणी औद्योगिक क्षेत्र की एक बड़ी खाद्य इकाई को पहले ही पाइपलाइन से जोड़ा जा चुका है, जबकि समता नगर के रिहायशी क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ हो गया है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।

उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि बीकानेर के सभी औद्योगिक क्षेत्र गैस पाइपलाइन से जुड़ने पर यहां सिरेमिक उद्योग की बड़ी संभावनाएं बनेंगी। उन्होंने बताया कि जिले में प्रतिवर्ष लगभग 31 लाख टन क्ले का खनन होता है, जिसमें से करीब 98 प्रतिशत अन्य राज्यों को भेज दिया जाता है। सिरेमिक्स क्षेत्र में बीकानेर का कच्चा माल 500 से 1000 प्रतिशत तक मूल्यवर्धन की क्षमता रखता है।

सचिव वीरेंद्र किराडू ने बताया कि गुजरात के मोरबी में सिरेमिक टाइल्स उद्योग के विकास का प्रमुख कारण प्राकृतिक गैस की उपलब्धता है। मोरबी में राजस्थान से भेजे गए कच्चे माल पर आधारित सैकड़ों इकाइयां संचालित हैं। यदि बीकानेर में भी गैस पाइपलाइन उपलब्ध हो जाती है, तो ऐसे ही निवेश, रोजगार और उत्पादन के आंकड़े राजस्थान में भी सामने आ सकते हैं।

उद्योगपति मनीष सिपानी ने कहा कि गैस पाइपलाइन के आने से बीकानेर के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने पाइपलाइन नेटवर्क को शीघ्र रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र तक विस्तारित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *