रायपुर : दुर्ग में युवती की होटल में हत्या, रायपुर में लाश को फेंककर फरार तीन आरोपित गिरफ्तार

– युवती की हत्या की गुत्थी सुलझी
-आरोपित के विरुध्द अलग-अलग थानों में एक दर्जन चोरियों का अपराध है दर्ज
रायपुर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में पिछले महीने मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित हरीश पटेल को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने न केवल युवती की हत्या की, बल्कि अपने साथियों के साथ मिलकर रायपुर के अलग-अलग इलाकों में करीब एक दर्जन चोरियों को भी अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपितों में हरीश पटेल देवार निवासी सुभाष नगर तेलीबांधा, अरविंद नेताम निवासी डोंगरगढ़, उषा राठौर निवासी चरौदा भिलाई दुर्ग है।
पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, युवती की हत्या के मुख्य आरोपित हरीश पटेल 20 नवंबर 2025 को युवती को लेकर दुर्ग के एक होटल पहुंचा था। वहां उसने दो कमरे बुक किए थे। होटल में आरोपित और उसके एक अन्य साथी ने युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर दोनों ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पकड़े जाने के डर से आरोपितों ने लाश को ठिकाने लगाने के लिए मोटरसाइकिल पर दुर्ग से लाकर रायपुर अमलीडीह स्थित एक खाली प्लॉट में फेंक कर फरार हो गए।
22 नवंबर २०२५ को लाश मिलने के बाद आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को देवार बस्ती के शातिर चोर हरीश पटेल पर शक हुआ। पुलिस की टीमें महाराष्ट्र, एमपी और यूपी में छापेमारी करती रहीं और आखिरकार उसे प्रयागराज से दबोच लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित हरीश पटेल ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि, वह अपने साथी अरविंद नेताम और उषा राठौर के साथ मिलकर विधानसभा, डीडी नगर और मुजगहन क्षेत्र के 11 सूने मकानों में चोरी कर चुका है। आरोपितों के कब्जे से 400 ग्राम सोने के जेवरात, 3 किलोग्राम चांदी, नगदी रकम, मोबाइल फोन कुल मशरुका लगभग 60 लाख रुपये जब्त किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / गायत्री प्रसाद धीवर



