साइबर ठगी का शिकार बनी युवती को छह घंटे में वापस मिले रुपये

मीरजापुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । थाना लालगंज साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की शिकार एक युवती की पूरी धनराशि मात्र छह घंटे के भीतर उसके खाते में वापस करा दी। इस सराहनीय कार्य से पीड़िता और उसके परिजनों ने पुलिस की जमकर प्रशंसा की है।
नदौली करौली निवासी श्रद्धा पाण्डेय ने थाना लालगंज के एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर कॉल कर खाते में पैसा आने की बात कही। आरोपित के झांसे में आकर जैसे ही उन्होंने यूपीआई पिन डाला, उनके खाते से 5000 रुपये कट गए। शिकायत मिलते ही थाना लालगंज की साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। जांच के बाद संबंधित माध्यमों से समन्वय स्थापित कर पीड़िता के खाते में पूरी 5000 रुपये की रकम महज छह घंटे में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर पीड़िता के भाई ने थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक और साइबर सेल टीम का आभार जताया। पुलिस ने इस मौके पर साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को ऐसे फोन कॉल और यूपीआई ठगी से बचने के उपाय बताए। साथ ही अपील की कि कोई भी व्यक्ति अनजान कॉल पर अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करे।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भारत सुमन और अनिलेश द्विवेदी की अहम भूमिका रही।
—————
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा



