Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

भारत-बांग्लादेश सीमा पर 67 लाख रुपये का सोना जब्त, पकड़े गए दो तस्कर

बरामद किया गया सोना

नदिया, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की दक्षिण बंगाल सीमांत ने नदिया जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। बीएसएफ की 32वीं वाहिनी की सीमाचौकी मालुआपाड़ा इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में 510 ग्राम वजन के सोने के बिस्कुट जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 67 लाख 37 हजार 100 रुपये आंकी गई है। इस दौरान दो भारतीय तस्करों को पकड़ा गया है।

बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, 17 दिसंबर की सुबह सीमाचौकी मालुआपाड़ा के जवानों को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बांग्लादेश से तस्करी कर लाया गया सोना भारत में प्रवेश कराने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही जवानों को सतर्क कर इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। सुबह करीब 10 बजे जवानों ने बांस की झाड़ियों की आड़ से बांग्लादेश की ओर से भारत की सीमा की तरफ आते एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। जवानों द्वारा चुनौती दिए जाने पर उसने बिना किसी विरोध के आत्मसमर्पण कर दिया।

तलाशी के दौरान संदिग्ध के पास से प्लास्टिक में लिपटे दो पैकेट बरामद हुए। पैकेटों की जांच करने पर उनके अंदर सोने के चार बिस्कुट पाए गए। मौके पर ही तस्कर को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि यह सोना उसे अपने ही गांव के एक अन्य व्यक्ति को सौंपना था। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगियापोटा गांव में छापा मारा और उसकी निशानदेही पर दूसरे तस्कर को उसके घर से हिरासत में ले लिया।

दोनों आरोपितों को सीमाचौकी मालुआपाड़ा लाकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने स्वीकार किया कि इस अवैध तस्करी के बदले उन्हें रकम देने का वादा किया गया था। बीएसएफ की सतर्कता के चलते यह तस्करी प्रयास समय रहते विफल हो गया। दोनों तस्करों को जब्त सोने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।

दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ जवान तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी मुस्तैदी और प्रतिबद्धता के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। उन्होंने सीमावर्ती इलाकों के लोगों से अपील की कि सोना तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर बीएसएफ की सीमा साथी हेल्पलाइन नंबर 14419 या व्हाट्सएप नंबर 9903472227 पर तुरंत साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और पुख्ता जानकारी पर उपयुक्त इनाम भी दिया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *