रेप का इनामी आरोपी गोरखाराम ‘धरकरभर’ अभियान में गिरफ्तार: बाड़मेर पुलिस की बड़ी सफलता
जयपुर, 28 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए बाड़मेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘धरकरभर’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना धनाऊ की टीम ने ₹10 हजार के इनामी और थाना स्तर के टॉप-10 वांटेड रेप आरोपी गोरखाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया है, जो पिछले ढाई माह से फरार चल रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि आरोपी गोरखाराम जाट पुत्र हनुमानराम (29), निवासी महियों की ढाणी एकल, थाना बाखासर, महिला से डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ थाना बाखासर में मुकदमा दर्ज था। घटना के बाद से वह लगातार फरार था, जिस पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया था और उसे थाना टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम बोस और सीओ मदन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी धनाऊ गोविन्द राम के नेतृत्व में गठित टीम आरोपी की लगातार निगरानी कर रही थी। तकनीकी और मानव स्रोतों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी जिला जैसलमेर के कोहरा गांव में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कोहरा क्षेत्र के खेतों में दबिश दी और आरोपी गोरखाराम को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरफ्तारी धरकरभर अभियान की 154वीं सफलता है।
इस कार्रवाई में एसएचओ गोविन्दराम सहित टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल रतनलाल, कांस्टेबल चुतराराम, प्रेमाराम, जैसाराम, जबराराम, बाबूलाल और महिला कांस्टेबल सोहनी की अहम भूमिका रही।



