राज्यपाल ने 13 टीबी रोगियों को गोद लिया, मासिक पोषण किट वितरित की

देहरादून, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शनिवार को लोक भवन में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम तहत गोद लिए गए 13 टीबी रोगियों को मासिक पोषण किट वितरित की। इस मौके पर राज्यपाल ने रोगियों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और उन्हें उपचार के दौरान नियमित पौष्टिक आहार और संतुलित जीवन शैली अपनाने की सलाह दी।
राज्यपाल की ओर से अब तक गोद लिए गए 70 टीबी रोगी पूरी तरह स्वस्थ होकर टीबी मुक्त हो चुके हैं। इस महत्वपूर्ण पहल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने 13 और टीबी रोगियों को गोद लिया, जिन्हें आज मासिक पोषण किट प्रदान की गई। इस अभियान के तहत अब तक कुल 83 रोगियों को राज्यपाल ने निःक्षय मित्र बनकर गोद लिया है।
राज्यपाल ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रदेश को टीबी मुक्त बनाना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक टीबी रोगी का निःक्षय मित्र बनकर उसके इलाज और पोषण में सहयोग करे तो महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है। राज्यपाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। यह अभियान हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे हम सब मिलकर सफल बनाएंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. महावीर सिंह, डॉ. ए.के. सिंह एवं डॉ. इशिता आर्या उपस्थित रहीं।
—————-
(Udaipur Kiran) / डॉ विनोद पोखरियाल



