Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

राज्यपाल ने जन समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

जन समस्याएं सुनते राज्यपाल।

देहरादून, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने लोक भवन में आयोजित जन मिलन कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों व आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। राज्यपाल ने कहा कि जन मिलन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।

रविवार को जन मिलन कार्यक्रम में पौड़ी, अल्मोड़ा, ऊधमसिंहनगर और देहरादून जनपदों से आए कुल 12 लोगों ने भूमि विवाद, मुआवजा, रोजगार, विकास कार्यों व आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याएं राज्यपाल के समक्ष रखीं। उन्होंने शिकायत निवारण अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसे तुरंत संबंधित जिलाधिकारियों व विभागीय अधिकारियों को प्रेषित किया जाए, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि अधिकांश समस्याएं छोटी और सामान्य होती हैं, लेकिन समय पर समाधान न होने से आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी समस्याओं का नियमानुसार, प्राथमिकता के आधार पर और शीघ्र निस्तारण किया जाए।

इस दौरान भारतीय सेना में भर्ती हुए कुछ युवाओं से जुड़ा प्रकरण जो भी पूर्व जन मिलन में सामने आया था, जिन्हें विश्वविद्यालय से समय पर डिग्री न मिलने के कारण सेना के चयन साक्षात्कार में आमंत्रित नहीं किया जा रहा था। लोक भवन के हस्तक्षेप से मात्र तीन दिनों के भीतर संबंधित विश्वविद्यालय द्वारा डिग्रियां उपलब्ध कराई गईं। इसी प्रकार, तकनीकी कारणों से परीक्षा से वंचित एक छात्र के मामले में भी लोक भवन के पत्राचार करने पर विश्वविद्यालय द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई। संबंधित युवाओं एवं परिजनों ने इसके लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, शिकायत निवारण अधिकारी विनोद शाह मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ विनोद पोखरियाल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *