Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

राज्यपाल ने शिक्षा विभाग की नई पहल ‘शिक्षा की बात’ का किया शुभारंभ

‘शिक्षा की बात’’ कार्यक्रम का शुभारंभ करते राज्यपाल।

– शिक्षा विभाग हर माह के अंतिम सप्ताह में करेगा आयोजन – इससे 13 सौ से अधिक विद्यालयों के छात्रों से होगा सीधा संवाद

देहरादून, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने मंगलवार को यहां के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय से शिक्षा विभाग की अभिनव पहल ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के विविध भौगोलिक व सामाजिक परिवेश में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से सीधे संवाद का अवसर देना है।

राज्यपाल ने दूरस्थ चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़ आदि दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं ने करियर को लेकर सवाल पूछे। राज्यपाल ने अपने अनुभवों के आधार पर बच्चों की जिज्ञासाओं को शांत किया और उन्हें सफलता के मंत्र दिए। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ‘‘शिक्षा की बात’’ शिक्षा विभाग की दूरदर्शी और सराहनीय पहल है, जो बच्चों के भविष्य को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीक का सही उपयोग करना बहुत जरूरी है और शिक्षा के क्षेत्र में यह बच्चों को समान अवसर देने का एक प्रभावी माध्यम है। शिक्षा विभाग ने तकनीक का सही उपयोग किया है यह सराहनीय है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए संकल्प लें। राज्यपाल ने शिक्षा विभाग के तकनीकी नवाचारों और बच्चों तक इस तरह की पहल पहुँचाने की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्यपाल के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। मंत्री रावत ने बताया कि प्रत्येक महीने किसी न किसी ऐसे व्यक्तित्व को संवाद के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जिससे बच्चों को मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि अगले महीने मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि शिक्षा विभाग की अभिनव पहल ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा, जिसमें शिक्षाविद्, साहित्यकार, समाजसेवी, वैज्ञानिक, व्यवसायी, सैन्य अधिकारी आदि विशिष्टजन छात्रों से वार्ता करेंगे। इसका सजीव प्रसारण राजीव गांधी नवोदय विद्यालय स्थित केंद्रीय वर्चुअल स्टूडियो से किया जाएगा, जिसमें 13 सौ से अधिक विद्यालय सीधे जुड़ेंगे।

कार्यक्रम में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रामन, महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह, प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल, निदेशक एससीईआरटी बंदना गर्ब्याल, जनरल मैनेजर वीईपीएल मानसी शर्मा, प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर निखिल राणा, आकाश भड़ाना और रवि झा सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *