महाशिवरात्रि पर माँजी मंदिर में भव्य आयोजन, 302 श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ

उदयपुर. माँजी मंदिर समिति एवं चांदपोल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में समस्त सनातन धर्मावलंबियों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से महाशिवरात्रि (Maha Shivratri) का पावन पर्व पीपलेश्वर महादेवजी मंदिर (माँजी घाट, चांदपोल बाहर, उदयपुर) में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हुआ. (Udaipur Kiran)

इस अवसर पर मंदिर परिसर को धार्मिक पताकाओं, पुष्पमालाओं और आकर्षक विद्युत सज्जा (Electric Decoration) से विशेष रूप से सजाया गया. प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और भक्तों ने भगवान महादेव को जल अर्पित कर दर्शन का लाभ लिया.

सुबह 7 बजे से तीन घंटे तक विद्वान सनातनी पंडितों और धर्मावलंबियों द्वारा भगवान महादेव का विशेष पूजन, अभिषेक और रुद्राभिषेक विधिवत सम्पन्न कराया गया. पूजन के उपरांत महादेवजी, माताजी और गणेशजी को नवीन वस्त्र धारण कराए गए.

दोपहर की विशेष पूजा में दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत अर्पित किया गया. इसके बाद 302 श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा (Hanuman Chalisa) का पाठ किया गया तथा भव्य महाआरती में बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए.

कार्यक्रम के समापन पर राम कृष्ण दल और चांदपोल सेवा समिति द्वारा 111 किलो सेगारी खीर, पंचमेवा, श्रीफल और केले सहित प्रसाद वितरित किया गया. पूरा आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ.

माँजी मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं और मीडिया बंधुओं के प्रति आभार प्रकट किया.

Leave a Comment