Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

पद्मश्री सम्मानित, ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता चार्ल्स बोरोमियो का बर्नपुर क्लब में भव्य स्वागत

चार्ल्स बोरोनियों को सम्मानित करते बर्नपुर क्लब सचिव

आसनसोल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । इस्को स्टील प्लांट (आइएसपी) बर्नपुर क्लब में शनिवार रात एक शानदार कार्यक्रम हुआ, जो प्रेरणा, गौरव और राष्ट्र को समर्पित रहा। बर्नपुर क्लब के सामाजिक संध्या कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित, ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता चार्ल्स बोर्रोमियो का मुख्य अतिथि के रूप में आगमन हुआ, जो सभी आइएसपीएन के लिए अत्यंत गौरव का क्षण था। इस्को स्टील प्लांट आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष व बर्नपुर क्लब के सचिव सुशील कुमार सुमन ने चार्ल्स बोर्रोमियो को सम्मानित किया।

चार्ल्स बोर्रोमियो भारतीय एथलेटिक्स के उन चमकते सितारों में से हैं, जिनकी उपलब्धियां समय से परे प्रेरणा देती हैं। 1982 एशियाई खेल (दिल्ली) में 800 मीटर दौड़ में 1:46.81 सेकंड के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने भारत का नाम रोशन किया था। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें 1982 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने 1984 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जो किसी भी खिलाड़ी के लिए सर्वोच्च मंच होता है।

भले ही शीर्ष स्तर पर उनका प्रतिस्पर्धी करियर अपेक्षाकृत संक्षिप्त रहा हो, परंतु उनके योगदान का प्रभाव व्यापक और दीर्घकालिक रहा। भारतीय खेलों के लिए उनकी सेवाओं को देखते हुए 1984 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से अलंकृत किया। यह सम्मान उनकी उपलब्धियों और चरित्र, दोनों का प्रमाण है।

खेल से संन्यास के बाद भी बोर्रोमियो ने देश की सेवा का मार्ग नहीं छोड़ा। स्पेशल ओलोंपिक भारत के नेशनल स्पोर्ट्स डायरेक्टर के रूप में उन्होंने समावेशी खेल संस्कृति को सशक्त कियाl विशेष रूप से बौद्धिक दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अवसर और सम्मान का मार्ग प्रशस्त किया। यह दिखाता है कि सच्चा चैंपियन पदक के बाद भी समाज को संवारता है।

उनकी उपस्थिति ने न केवल कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई, बल्कि युवा पीढ़ी को यह संदेश भी दिया कि अनुशासन, निरंतरता और सेवा-भाव से ही महानता गढ़ी जाती है। यह संध्या हम सभी के लिए यादगार रही। एक ऐसी प्रेरणा, जो भविष्य की राह को उज्ज्वल करती है।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष विश्वकर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *