Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

गुजरात एक्सपोजर विजिट दल का जिला परिषद में हुआ स्वागत

jodhpur

जोधपुर, 15 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने के लिए गुजरात से आए एक्सपोजर विजिट दल का जोधपुर जिला परिषद कार्यालय पहुंचने पर जिला परिषद के अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीलम लखारा ने जिले में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संपादित विकास कार्यों के बारे में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अवगत कराया। अतिरिक्त विकास अधिकारी श्री महेन्द्रसिंह राजपुरोहित ने जिले की ग्रामीण संस्कृति, स्वच्छता एवं ग्राम पंचायतों में किए गए उत्कृष्ट विकास कार्यों तथा ग्राम पंचायत भवनों की जानकारी साझा की।

गुजरात एक्सपोजर विजिट दल एवं एसआईआरडी की प्रोफेसर डॉ. नीला पटेल ने गुजरात में संचालित ग्रामीण विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि राजस्थान में पौधारोपण एवं हरियाली के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं, जो सराहनीय हैं। उन्होंने यहां के स्मारकों एवं धरोहरों की भी प्रशंसा की। गुजरात जिले आनंद के जिला प्रमुख हंसमुखभाई पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा के तहत किसानों के खेतों में बनाए गए टांकों की जानकारी लेकर जल संरक्षण कार्यों को सराहा। आनंद की जिला उपाध्यक्ष हिराबेन ने भी ग्रामीण विकास से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

कल मनरेगा की देंगे जानकारी

अतिरिक्त विकास अधिकारी महेन्द्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि गुजरात एक्सपोजर विजिट दल को मंगलवार को पंचायत समिति मण्डोर एवं लूणी क्षेत्र में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के कार्यों का भ्रमण कराया जाएगा, जहां मनरेगा एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं नवाचारों की गहन जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दल में कुल 27 जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हैं।

कार्यक्रम का मंच संचालन आईईसी समन्वयक वोराराम गुर्जर द्वारा किया गया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त विकास अधिकारी रामाराम, प्रशासनिक अधिकारी अशोक सान्दू, सहायक लेखाधिकारी संजय सोनी सहित जिला परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *