Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

गुनाः नववर्ष पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन सक्रिय, कलेक्टर ने किया हनुमान टेकरी का निरीक्षण

कलेक्टर ने किया हनुमान टेकरी का निरीक्षण

गुना, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के गुना जिले में नव वर्ष के अवसर पर श्री हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने संयुक्त रूप से शनिवार को हनुमान टेकरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात, पार्किंग एवं आवागमन व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया गया।

टेकरी सड़क पर विकास कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टेकरी सड़क पर किए जा रहे पेवर्स लगाए जाने के कार्य का अवलोकन किया तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए। कलेक्टर ने कहा कि नव वर्ष के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन हेतु आते हैं, ऐसे में सड़क की स्थिति बेहतर होना आवश्यक है।

यातायात एवं पार्किंग को लेकर दिशा-निर्देश

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नव वर्ष के दिन श्री हनुमान टेकरी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए वाहनों की पार्किंग, सुचारु आवागमन एवं यातायात नियंत्रण के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नानाखेड़ी से हनुमान चौराहे तक पैचवर्क का निरीक्षण

इससे पूर्व कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने नानाखेड़ी मंडी से हनुमान चौराहे तक किए जा रहे सड़क पैचवर्क कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क डिवाइडर के पास साफ-सफाई कराने के निर्देश सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री को दिए।

अव्यवस्थित विद्युत पोल शिफ्ट करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एबी रोड किनारे अव्यवस्थित विद्युत पोलों को शीघ्र शिफ्ट करने के निर्देश एमपीईबी के अधिकारियों को दिए गए, ताकि यातायात में किसी प्रकार का अवरोध न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। इस अवसर पर यातायात थाना प्रभारी अजय सिंह, तहसीलदार जी.एस. बेरवा सहित पीडब्ल्यूडी के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *