Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

गुरुग्राम : प्रधानमंत्री की पहल से सांसद खेल महोत्सव बना देश में खेल संस्कृति का सशक्त मंच : राव इंद्रजीत सिंह

फोटो : खिलाड़ियों को सम्मानित करते राव इंद्रजीत सिंह

सांसद खेल महोत्सव को मिलेगा निरंतर विस्तार, भविष्य में इंटर-लोकसभा खेल प्रतियोगिताओं के लिए करेंगे प्रयास : राव इंद्रजीत सिंह

गुरुग्राम, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को गुरुग्राम में ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेलों को जनआंदोलन बनाने की दिशा में सांसद खेल महोत्सव की परिकल्पना प्रस्तुत की थी। उन्होंने कहा कि आज यह देशभर में खेल संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने न केवल छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर दिया है, बल्कि खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित किया है। कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, पद्म श्री एवं राज्यसभा सांसद दिलीप तिर्की, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि लोगों ने जिस उत्साह और रुचि के साथ इस खेल महोत्सव को अपनाया है, उससे यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप सांसद खेल महोत्सव आने वाले वर्षों में और भी व्यापक स्वरूप लेगा। राव ने कहा कि जब तक वे सांसद के रूप में दायित्व संभालेंगे, लोकसभा गुरुग्राम में यह आयोजन प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि भविष्य में सभी दस लोकसभा क्षेत्रों के बीच इंटर-लोकसभा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

केंद्रीय मत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन आयोजनों के माध्यम से एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, आर्चरी, फुटबॉल और हॉकी जैसी विभिन्न खेल विधाओं में से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे, जो भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में नशे से पूरी तरह दूर रहने का दृढ़ संकल्प लें। उन्होंने कहा कि खेल स्वयं में एक ऐसी सकारात्मक शक्ति है, जो व्यक्ति को स्वाभाविक रूप से नशा-मुक्त जीवन की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे अपने व्यवहार और आचरण से समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करें।

सांसद खेल महोत्सव 2025 के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाली संस्थाओं को राव इंद्रजीत सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एम3एम फाउंडेशन, मारुति सुजुकी, एलडीसी, जमना ऑटो इंडस्ट्रीज लिमिटेड तथा यूनो मिंडा सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को उनके योगदान के लिए सम्मान प्रदान कर आभार व्यक्त किया गया।

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *