गुरुग्राम: मां ने पढऩे को कहा तो छठी की छात्रा ने फांसी लगा जान दे दी

-पिता करते हैं मजदूरी, मां घरों के करती है काम
गुरुग्राम, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भोंडसी थाना क्षेत्र के शनि एन्क्लेव में मंगलवार की शाम को छठी कक्षा की एक छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। जिस समय छात्रा ने यह कदम उठाया, उस समय उसकी मांग घर से बाहर किसी से काम से गई थी। इस घटना की सूचना मिलने पर मारुति कुंज पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
जानकारी अनुसार बिहार के सिहोर निवासी छठी कक्षा की छात्रा मुस्कान (12) अपने परिवार के साथ भोंडसी क्षेत्र के शनि एन्क्लेव में रहती थी। वह नया गांव के सरकारी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ती थी। उसके पिता दिहाड़ी-मजदूरी करता है। माता घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती है। मंगलवार को स्कूल से आने के बाद मुस्कान अपने छोटे बहन-भाइयों के साथ खेलने लगी। उसकी मां ने उसे पढऩे के लिए कहा। शाम के समय उसकी मां घरों में काम करने चली गई। इसी बीच मौका पाकर छठी कक्षा की छात्रा मुस्कान ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। जब छात्रा ने यह सब किया, उस समय उसके बहन-भाई घर के बाहर खेल रहे थे। कुछ समय बाद जब उसके भाई, बहन घर के अंदर गए तो उन्हें इस बात का पता चला। उन्होंने पड़ोसियों को यह सब बताया। सूचना पाकर बच्ची की मां भी घर पहुुंच गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया।
जांच अधिकारी रज्जो ने बुधवार को बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इसमें कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। फिर भी ऐहतियात के तौर पर जांच की जा रही है।
(Udaipur Kiran)



