Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

उदयपुर में एएसआई का घर में अधजला शव मिला, 21 दिसंबर से थे ड्यूटी से अनुपस्थित

उदयपुर में ASI का घर में अधजला शव मिला, 21 दिसंबर से थे ड्यूटी से अनुपस्थित

उदयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उदयपुर शहर के सविना थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस में तैनात सहायक उप-निरीक्षक का अपने ही घर में अधजला शव मिला। मृतक की पहचान भीलिया फंदा में तैनात 47 वर्षीय एएसआई राकेश मीणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

पुलिस के अनुसार, एएसआई राकेश मीणा 21 दिसंबर से ड्यूटी से अनुपस्थित था। घटना के समय वह घर में अकेला था, जबकि पत्नी और बच्चे पैतृक गांव कोटपूतली गए हुए थे। जिस कमरे में वह सो रहा था, उसी कमरे में आग लग गई। बिस्तर पूरी तरह जल चुका था और एएसआई का शव भी बुरी तरह झुलसा हुआ मिला।

सविना थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि सोमवार रात एएसआई की पत्नी ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। रातभर रिंग जाती रही, जिससे पत्नी को चिंता हुई। मंगलवार सुबह भी संपर्क नहीं होने पर उन्होंने पड़ोसी से घर जाकर हालात देखने को कहा।

पड़ोसी जब घर पहुंचे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान घर से धुएं की बदबू आने लगी, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे में बेड पर एएसआई राकेश मीणा का अधजला शव पड़ा मिला।

उदयपुर ट्रैफिक डीएसपी अशोक आंजना ने बताया कि एएसआई राकेश मीणा पहले भी कई बार इसी तरह बिना सूचना ड्यूटी से गैरहाजिर रहा था। वह स्वभाव से कम बोलने वाला था।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आग लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / सुनीता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *