Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WORLD

हमास ने अमेरिका के आरोपों को बताया “इजरायली प्रोपेगेंडा”

– इजराइली हमले में गाजा में 11 लोगों की मौत

गाजा/वॉशिंगटन, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हमास ने अमेरिका के विदेश मंत्रालय द्वारा लगाए गए उन आरोपों को खारिज कर दिया है, जिनमें संगठन पर गाजा में युद्धविराम तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था। हमास ने रविवार को जारी बयान में इन दावों को “झूठा” और “भ्रामक इजराइली प्रोपेगेंडा से प्रेरित” बताया।

हमास ने कहा, “अमेरिका के ये आरोप पूरी तरह से झूठे हैं और इजराइल के भ्रामक प्रचार से मेल खाते हैं। इससे कब्जे वाली ताकतों को हमारे लोगों के खिलाफ अपने अपराध और संगठित हमले जारी रखने का मौका मिलता है।”

यह बयान उस समय आया जब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दावा किया कि उसके पास “विश्वसनीय रिपोर्ट” है, जो यह संकेत देती है कि हमास गाजा में युद्धविराम का उल्लंघन करने वाला है। अमेरिका ने चेतावनी दी थी कि यदि हमास ऐसा करता है तो “गाजा के लोगों की सुरक्षा और युद्धविराम की अखंडता बनाए रखने के लिए कदम उठाए जाएंगे।” हालांकि, उसने कथित हमले की कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

हमास ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए वॉशिंगटन से अपील की कि वह “कब्जे वाली ताकतों के भ्रामक नैरेटिव को दोहराना बंद करे और युद्धविराम समझौते के बार-बार हो रहे उल्लंघनों को रोकने पर ध्यान दे।”

संगठन ने कहा, “वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है — कब्जे वाली ताकतों ने ही सशस्त्र गिरोह बनाए, उन्हें हथियार और फंड दिए, जो फिलिस्तीनी नागरिकों पर हमले, हत्याएं, और राहत सामग्री की चोरी में शामिल हैं।”

इस बीच, गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी ने रविवार को बताया कि इजराइली हवाई हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई। एजेंसी के प्रवक्ता महमूद बास्सल ने कहा कि इनमें से छह लोग उत्तरी गाजा में नागरिकों के एक समूह पर हुए हमले में मारे गए।

इजराइली सेना ने कहा कि वह इन हताहतों की रिपोर्ट की जांच कर रही है। इससे पहले सेना के एक अधिकारी ने बताया था कि राफा और बेत लाहिया क्षेत्रों में उग्रवादियों पर कार्रवाई के बाद इजराइल और हमले कर सकता है।

दोनों पक्ष एक-दूसरे पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं, जिससे गाजा में तनाव फिर से बढ़ गया है।

——————-

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *