Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

हांसी का उपमंडल कार्यालय होगा अब जिला सचिवालय हांसी

उपमंडल परिसर कार्यालय पर लिखा जिला सचिवालय हांसी

डीसी सहित सहित विभागों के अधिकारी बैठेंगे यहां, एक दिन पहले जारी हुआ था

नोटिफिकेशन

हिसार, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हांसी को जिला बनाने का लंबे समय से चला आ रहा सपना

आखिरकार साकार हो गया। हरियाणा सरकार द्वारा आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किए जाने के

साथ ही हांसी को प्रदेश का 23वां जिला घोषित कर दिया गया। जिला बनने का नोटिफिकेशन

जारी होने बाद मंगलवार को उपमंडल परिसर पर जिला सचिवालय हांसी के रूप में बदल दिया

गया। उपमंडल परिसर पर पेंट करवाकर यहां जिला सचिवालय लिख दिया गया।

इसके साथ ही जिला प्रशासन के कार्यालय बनाने और अधिकारियों के बैठने बारे मंथन

शुरू कर दिया गया है। जिला सचिवालय बनने के बाद डीसी सहित कई विभागों के अफसर यहां

बैठेंगे। जिला सचिवालय में जिला उपायुक्त का कार्यालय होगा। इसके अलावा एडीसी कार्यालय,

जमीन के रिकॉर्ड और पंजीकरण के लिए तहसील और उप-तहसील कार्यालय भी बनेगा। वहीं लोक

निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, सिंचाई विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण,

सामाजिक एवं जन कल्याण विभाग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय, जिला शिक्षा

अधिकारी (डियो), खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, परिवहन विभाग (आरटीए), जिला कृषि

अधिकारी, लीड बैंक, जिला रोजगार कार्यालय यहां स्थापित किए जाएंगे।

जिला बनने से क्षेत्र में खुशी

जिला बनने का नोटिफिकेशन जारी होने की खबर मिलते ही क्षेत्र में एक बार फिर

से खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं। आमजन के साथ-साथ राजनीतिक

और सामाजिक संगठनों ने इसे हांसी के इतिहास का ऐतिहासिक दिन बताया। बता दें 16 दिसंबर

को हांसी विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को जिला बनाने की

घोषणा की थी, जिसे अब औपचारिक रूप दे दिया गया है। लोगों को उम्मीद है कि जिला बनने

से प्रशासनिक सुविधाएं बेहतर होंगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी।

कांग्रेस नेता और व्यापार मंडल के सचिव राजीव शर्मा ने हांसी को जिला बनाए

जाने को स्वागत योग्य कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और

आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां यूनिवर्सिटी, मेडिकल

कॉलेज और व्यापारिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा।

पूर्व मंत्री सुभाष गोयल के बेटे और कांग्रेस नेता पवन गोयल ने कहा कि हांसी

को जिला बनाया जाना क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे सरकार ने पूरा किया

है। जिला बनने से अब शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार के क्षेत्र में नए विकल्प

खुलेंगे और हांसी का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जिला बनने से न केवल प्रशासनिक कामकाज सुगम

होगा, बल्कि हांसी जिला बनने पर यहां रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। हांसी को जिला बनाए

जाने को लेकर लोगों में भारी उत्साह है और सभी को आने वाले समय में विकास कार्यों की

झड़ी लगने की उम्मीद है। शहर वासी भी लगातार हांसी के पूर्ण रूप से जिला बनने

की बधाई दे रहे हैं।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *