
सुलतानपुर, 09 दिसम्बर (Udaipur Kiran) . Uttar Pradesh के जिला सुलतानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के आचार संहिता उल्लंघन मामले की सुनवाई मंगलवार को टल गई. अधिवक्ता के निधन के कारण सुनवाई स्थगित हुई. अब कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 दिसम्बर की तारीख तय की है.
अधिवक्ता मदन सिंह ने बताया कि इस मामले में अगली सुनवाई 18 दिसम्बर को होगी. यह मामला 13 अप्रैल 2021 का है. आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआ कलां थाने के हसनपुर गांव में बिना अनुमति के एक सभा आयोजित की गई थी. पुलिस ने इस सम्बंध में संजय सिंह सहित 12 नामजद और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. यह सभा जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में आयोजित की गई थी . इस मामले में अन्य आरोपितों ने पहले ही जमानत प्राप्त कर ली थी. संजय सिंह के लगातार गैरहाजिर रहने के कारण कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था. जुलाई 2024 में उन्होंने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें 20 हजार रुपये की दो जमानत और निजी मुचलका दाखिल करने पर रिहा किया गया था.
पुलिस की जांच के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव सहित कुल 11 लोगों को आरोपित बनाया गया था. जून में विशेष कोर्ट ने इन आरोपितों के अधिवक्ता की डिस्चार्ज अर्जी खारिज कर दी थी. अदालत ने आरोप पत्र स्वीकार करते हुए आरोप तय किए थे. वर्तमान में मामले में साक्ष्य प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है.
—————
(Udaipur Kiran) / दयाशंकर गुप्त
