हिसार के मेयर ने अखिल भारतीय ‘मेयर्स परिषद’की 116वीं कार्यकारिणी बैठक में लिया भाग

शहरी क्षेत्रों में प्रभावी नगर नियोजन को बढ़ावा देना रहा एजेंडा : पाेपली
हिसार, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिसार के मेयर प्रवीण पोपली अखिल भारतीय ‘मेयर्स
परिषद’ की 116वीं कार्यकारिणी
बैठक में हिस्सा लेने सूरत पहुंचे। बैठक में देशभर के शहरी विकास से जुड़े मुद्दों पर
गहन मंथन किया गया। बैठक के मुख्य अतिथि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल रहे। इस कार्यकारिणी बैठक में देश के 16 राज्यों से आए मेयरों के साथ-साथ परिषद
के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का उद्देश्य देश के तेजी से बढ़ते शहरीकरण
को चुनौती के बजाय अवसर के रूप में देखते हुए नगरों के विकास की दिशा में ठोस रणनीति
तैयार करना।
मेयर प्रवीण पोपली ने साेमवार काे बताया कि बैठक का मुख्य एजेंडा शहरी क्षेत्रों में प्रभावी
नगर नियोजन को बढ़ावा देना था। इसके अंतर्गत जल प्रबंधन, स्वच्छता, सीवेज व्यवस्था और
ग्रीन एनर्जी जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि यदि इन सभी
क्षेत्रों में समन्वित और योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए तो शहरों को व्यवस्थित,
स्वच्छ और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है।
मेयर ने बताया कि मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में ‘अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन’ के तहत हरियाणा में
अनेक आइकॉनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का निर्माण किया गया है। इन परियोजनाओं से
न केवल शहरों की तस्वीर बदली है, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई
गई हैं। मेयर प्रवीण पोपली ने कहा कि ऐसी बैठकों से विभिन्न राज्यों के नगर निकायों
को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलता है, जिससे शहरी विकास को नई दिशा और
गति मिलती है।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर



