हिसार : नगर निगम ने शौचालय बनाकर महाराजा अग्रसेन नागरिक अस्पताल को किया हेंडओवर

हिसार, 5 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम की ओर से शहर में विकास कार्यों को निरंतर
गति दी जा रही है। स्वच्छता और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निगम
कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में जिले के महाराजा अग्रसेन नागरिक
अस्पताल में वार्ड 5 के पास नगर निगम की ओर से निर्मित शौचालय औपचारिक रूप से अस्पताल
प्रशासन को हेंडओवर कर दिया गया। यह शौचालय अस्पताल के बढ़ते मरीजों और उनके परिजनों
की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
हस्तांतरण प्रक्रिया के दौरान शुक्रवार काे नगर निगम की ओर से जेई विकास पूनिया और तकनीकी
विशेषज्ञ जसबीर कुंडू उपस्थित रहे जबकि अस्पताल प्रशासन की ओर से डॉ. प्रभुदयाल ने
टीम के साथ मिलकर नवनिर्मित शौचालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद दोनों विभागों
ने मिलकर संरचना, निर्माण गुणवत्ता, स्वच्छता प्रबंधन और उपयोग से संबंधित बिंदुओं
पर चर्चा की। सभी आवश्यक पहलुओं की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया कि अब इस शौचालय
की देखरेख और दैनिक प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन संभालेगा।
शौचालय को आधुनिक सुविधाओं और स्वच्छता मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार
किया गया है। इसमें कुल तीन पुरुष शौचालय सीटें और चार महिला शौचालय सीटें स्थापित
की गई हैं। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त, शौचालय
में 12 यूरिनल लगाए गए हैं, जिनमें से दो बच्चों के लिए विशेष ऊंचाई के अनुरूप बनाए
गए हैं। यह संरचना बच्चों की सुविधा और सुरक्षित उपयोग को ध्यान में रखकर तैयार की
गई है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में ऐसी सुविधाओं का विस्तार निगम की
प्राथमिकताओं में शामिल है। अस्पताल जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्वच्छ और सुव्यवस्थित
सार्वजनिक शौचालय न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ाते हैं, बल्कि मरीजों और उनके साथ
आने वाले लोगों को राहत भी प्रदान करते हैं।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर



