Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्र के ग्वालियर में अटलजी की जयंती पर 25 दिसम्बर को होगी ऐतिहासिक ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश – ग्रोथ समिट’

अमित शाह और मोहन यादव (फाइल फोटो)

– केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में होगा भव्य आयोजन

ग्वालियर, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पूर्व प्रधानमंत्री, भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसम्बर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश – ग्रोथ समिट’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन मध्य प्रदेश की औद्योगिक, आर्थिक एवं निवेशीय प्रगति का व्यापक प्रदर्शन करने के साथ-साथ अटलजी के विकासवादी विचारों, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को भी सादर श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। राज्य शासन के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग द्वारा आयोजित यह समिट केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव की विशेष मौजूदगी में होगी। अटलजी के “विकास, सुशासन और समावेशी प्रगति” के दूरदर्शी विकास दृष्टि से प्रेरित यह समिट “निवेश से रोजगार – अटल संकल्प, उज्ज्वल मध्य प्रदेश” की थीम पर आधारित है।

जनसम्पर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बीते दो वर्षों में प्रदेश में हुए औद्योगिक विस्तार, निवेश उपलब्धियों और रोजगार सृजन के ठोस एवं धरातलीय परिणामों को जनमानस के समक्ष प्रस्तुत करना तथा भविष्य की औद्योगिक प्राथमिकताओं एवं विकास के स्पष्ट रोडमैप को साझा करना है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति समारोह को विशेष राष्ट्रीय महत्व प्रदान करेगी। यह मंच मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेशकों के बढ़ते विश्वास तथा रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा। कार्यक्रम में अब तक की उपलब्धियों के साथ-साथ आगामी औद्योगिक एवं प्रशासनिक पहलों की दिशा, दृष्टि और प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया जाएगा। समिट के दौरान राज्य में प्रस्तावित एवं प्रगतिशील औद्योगिक परियोजनाओं का भूमि-पूजन, पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण, निवेश प्रस्तावों से जुड़े लाभार्थियों का सम्मान, तथा रोजगार-केंद्रित पहलों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। यह मंच सरकार, उद्योग जगत और युवाओं के मध्य संवाद को सशक्त बनाते हुए निवेश को गति और रोजगार को स्थायित्व प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के चार प्रमुख स्तंभ

प्रथम स्तंभः निवेश उपलब्धियाँ – इस स्तंभ के अंतर्गत ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) एवं विभिन्न राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय निवेश आयोजनों के माध्यम से प्राप्त दो लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों का भूमि-पूजन, 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण, औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन तथा आशय-पत्र (एलओआई) का वितरण किया जाएगा। यह चरण “निवेश से निर्माण” की दिशा में प्रदेश के विकास के संकल्प को मजबूती देगा।

द्वितीय स्तंभ : रोजगार सृजन- इस स्तंभ में ‘रोजगार सफलता की दीवार’ एक प्रमुख आकर्षण के रूप में स्थापित की जाएगी, जिसके माध्यम से औद्योगिक इकाइयों, लाभार्थियों एवं युवाओं से जुड़ी वास्तविक, प्रेरणादायी और परिवर्तनकारी कहानियों को प्रदर्शित किया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा संचालित औद्योगिक इकाइयों एवं उनके सफल उद्यमों को प्रमुखता दी जाएगी, जिससे महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास का सशक्त संदेश प्रसारित हो।

तृतीय स्तंभ : औद्योगिक सुधार एवं नवाचार- इस स्तंभ के अंतर्गत विशेष दर औद्योगिक क्षेत्र (SRZ) का शुभारंभ, एक-क्लिक प्रोत्साहन वितरण प्रणाली की शुरुआत, नए औद्योगिक क्लस्टरों एवं प्लग-एंड-प्ले इकाइयों का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा। इसी क्रम में, प्रदेश सरकार की पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक विस्तृत प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें औद्योगिक सुधारों, नीति गत नवाचारों और निवेश प्रोत्साहन से जुड़े प्रयासों को प्रभावी एवं दृश्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

चतुर्थ स्तंभ : जिला-स्तरीय उपपलब्धियाँ- यह स्तंभ जिला स्तर पर औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को समर्पित होगा। इसके अंतर्गत नई औद्योगिक इकाइयों को सम्मानित किया जाएगा, रोजगार प्राप्त युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा जिला स्तर पर भूमि आवंटन एवं औद्योगिक विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण घोषणाएँ की जाएँगी।

कार्यक्रम स्थल पर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर एक विशेष स्मृति प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उनके दूरदर्शी नेतृत्व, आधारभूत संरचना विकास, औद्योगिक दृष्टि और सुशासन से जुड़े ऐतिहासिक योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में अटलजी के विचारों से प्रेरित वर्तमान मध्यप्रदेश की औद्योगिक यात्रा, निवेश सुधारों, अधोसंरचना विकास और रोजगार सृजन के प्रयासों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। यह खंड अटलजी के सपनों के भारत और आज के विकसित मध्य प्रदेश के मध्य एक सशक्त सेतु के रूप में उभरेगा। इसके साथ ही, समिट में प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश-अनुकूल नीतियाँ, सिंगल-विंडो प्रणाली, भूमि एवं अधोसंरचना उपलब्धता तथा विभिन्न क्षेत्रों में उभरते अवसरों को दर्शाने वाली थीमैटिक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसमें MSME, स्टार्ट-अप, महिला उद्यमिता, युवा कौशल विकास एवं क्षेत्रीय औद्योगिक संभावनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन के साथ-साथ देश-विदेश में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलनों, रोड-शोज़, बी2बी बैठकों और औद्योगिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता की गई है।

इन प्रयासों के माध्यम से मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियों, अधोसंरचना क्षमताओं और निवेश-अनुकूल वातावरण को वैश्विक मंचों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिली। इस कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रमुख निवेशक, औद्योगिक संघों के प्रतिनिधि, महिला एवं युवा उद्यमी, लाभार्थी समूह, जिला एवं संभाग स्तर के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सहभागिता करेंगे। इस व्यापक सहभागिता के माध्यम से ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’ प्रदेश को निवेश और रोजगार के क्षेत्र में एक विश्वसनीय, प्रगतिशील और भविष्य के लिए पूर्णतः तैयार राज्य के रूप में स्थापित करने का सशक्त संदेश देगा। अटल जयंती के अवसर पर आयोजित यह विशाल आयोजन प्रदेश के विकास संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं रोजगार-समृद्ध मध्यप्रदेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *