Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

भिखारी बनकर मंदिर के बाहर छिपा था हिस्ट्रीशीटर, जयपुर से गिरफ्तार

अपराधी गिरफ्तार

झुंझुनू, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । झुंझुनू जिले में हिस्ट्रीशीटर डेनिस बावरिया हत्याकांड के मास्टरमाइंड को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दीपक मालसरिया पिछले दो माह से फरार था और पुलिस से बचने के लिए भिखारी का वेश धारण कर मंदिरों के बाहर रह रहा था। पहचान छिपाने के लिए उसने सिर भी मुंडवा लिया था। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में वांछित दीपक मालसरिया को जयपुर के खोले के हनुमानजी मंदिर के बाहर से पकड़ा गया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जयपुर, दिल्ली और ऋषिकेश में मंदिरों के बाहर फटे-पुराने कपड़े पहनकर कटोरा लेकर भीख मांग रहा था और खुद को मानसिक रूप से अस्वस्थ दर्शा रहा था।

एसपी ने बताया कि कोतवाली थाना पुलिस को कॉन्स्टेबल प्रवीण कुमार के माध्यम से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी जयपुर में देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में दो दिन तक सादे कपड़ों में भिखारियों की रेकी की। हुलिया स्पष्ट होने पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र राजावत ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। साइबर सेल और ह्यूमन इंटेलिजेंस के माध्यम से फरार आरोपी मंदीप की तलाश की जा रही है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर को दो कैंपर वाहनों में सवार हथियारबंद बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर डेनिस उर्फ नरेश बावरिया की स्कॉर्पियो को टक्कर मारकर रोका था। इसके बाद उसे बंदूक की नोक पर अगवा कर रसोड़ा गांव के जोहड़ में ले जाया गया, जहां आरोपियों ने लोहे के पाइप और सरियों से बेरहमी से मारपीट की। हमलावर उसकी सोने की चेन, चांदी की अंगूठी और वाहन में रखे करीब तीन लाख रुपये लूटकर उसे मरा समझकर फरार हो गए थे। दो दिन बाद जयपुर के एक अस्पताल में डेनिस की मौत हो गई थी।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक मालसरिया का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ गोठड़ा थाने में जानलेवा हमले, कोतवाली में मारपीट, सदर और नवलगढ़ में चोरी व जानलेवा हमले तथा गुढ़ागौड़जी थाने में अपहरण और मारपीट जैसे गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

—————

(Udaipur Kiran) / रमेश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *