Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UDAIPUR

मकान विवाद में मामा पर फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर फरदीन और भाई अरदीन गिरफ्तार

उदयपुर, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News)। मकान विवाद को लेकर अपने मामा पर फायरिंग करने के मामले में सविना थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा और उसके भाई आदतन अपराधी अरदीन उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों भाइयों पर हत्या का प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं।

Savina firing news

घटना 14 सितंबर की रात की है। पीड़ित मोहम्मद अनीज रजा (38), निवासी विजय सिंह पथिक नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वह अपने पुराने मकान की स्थिति देखने पहुंचे तो पाया कि ताला टूटा हुआ है। वहां मौजूद अपने भांजों फरदीन और अरदीन से पूछताछ करने पर उन्होंने मकान पर कब्जा करने की धमकी दी और विरोध करने पर फरदीन ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली पीड़ित की कमर में लगी। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा फायर किया, लेकिन वह जान बचाकर भाग निकले। इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, पुलिस उपाधीक्षक छगन पुरोहित, डीएसटी प्रभारी श्याम सिंह रत्नू और थानाधिकारी सविना अजयसिंह राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों का पता लगाकर उन्हें नमन होटल, रेलवे स्टेशन के सामने से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान फरदीन ने हथियार बरामदगी के नाम पर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और सुनसान जगह ले जाकर अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान गिरने से उसके पैर में चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार दिलाया गया।

दोनों आरोपी भाई हैं, जिनमें फरदीन हिस्ट्रीशीटर और अरदीन आदतन अपराधी है। इनके खिलाफ मारपीट, हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और नकबजनी जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *