Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
SPORTS

आईटीएफ एम15 टूर्नामेंट के दूसरे दौरे में पहुंचे हितेश चौहान

आईटीएफ एम15 टूर्नामेंट के दूसरे दौरे में पहुंचे हितेश चौहान

चंडीगढ़, 02 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राउंडग्लास टेनिस अकादमी के युवा खिलाड़ी हितेश चौहान ने आईटीएफ मेन्स वर्ल्ड टेनिस टूर एम15 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। प्रतियोगिता ग्वालियर चंबल टेनिस एसोसिएशन के कोर्ट्स पर जारी है।

महज़ 17 वर्षीय और देश के नंबर-1 जूनियर खिलाड़ी हितेश ने पहले दौर में एक रोमांचक व संघर्षपूर्ण मैच में आदित्य बलसेकर को 4-6, 7-6, 6-4 से मात दी। शुरुआती सेट गंवाने के बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए टाईब्रेक में दूसरा सेट जीता और तीसरे सेट में स्थिर खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

हितेश ने मुख्य ड्रॉ में स्थान उस विशेष कोटा के तहत हासिल किया है, जो विश्व जूनियर रैंकिंग के टॉप-100 खिलाड़ियों के लिए निर्धारित होता है। अब दूसरे दौर में उनका सामना अमेरिका के आठवीं वरीयता प्राप्त प्रेस्टन ब्राउन और भारत के रोहन मेहरा के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

हालांकि, डबल्स में उनकी चुनौती पहले ही दौर में खत्म हो गई। हितेश और उनके साथी अर्जुन राठी को चौथी वरीयता प्राप्त अनुभवी जोड़ी मनीष सुरेशकुमार और आर्यन लक्ष्मणन ने 6-1, 6-0 से पराजित कर बाहर कर दिया।

सिंगल्स में भी सातवीं वरीयता प्राप्त मनीष सुरेशकुमार ने राउंडग्लास अकादमी के ही खिलाड़ी काहिर वारिक को 6-1, 6-2 से हराते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।

ग्वालियर में जारी इस टूर्नामेंट में युवा भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहजनक प्रदर्शन स्थानीय दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

—————-

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *