Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

श्री राम सेवक सभा में पोष के प्रथम रविवार से शुरू हुई निर्वाण की होली

पौष माह के पहले रविवार को होली की परंपरागत होती का शुभारंभ करते विधायक एवं अन्य।

नैनीताल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शहर की प्राचीनतम-वर्ष 1918 में स्थापित धार्मिक संस्था श्री राम सेवक सभा में पौष माह के प्रथम रविवार से पारंपरिक होली गायन का शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद लोक परंपरा के होलियारों ने बैठकी होली का गायन कर सभा को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।

बताया गया कि पौष माह के पहले रविवार से कुमाऊँ अंचल में प्रारंभ होने वाली इस परंपरा को ‘निर्वाण की होली’ कहा जाता है। यह होली रंगों से अलग, शास्त्रीय संगीत और लोक परंपरा पर आधारित होती है, जिसमें मंदिरों और सभाओं में गणेश वंदना से आरंभ होकर ठुमरी शैली में होली के गीत गाए जाते हैं। इस होली में भैरवी, पहाड़ी, केदार और बसंत जैसे प्रमुख रागों में चार चरणों में गायन होता है। इसे आत्मा की शुद्धि, ईश्वर भक्ति और आध्यात्मिक आनंद से जोड़ा जाता है।

ठंड के मौसम में सूर्यदेव की आराधना और ज्ञान के प्रकाश का भी इसमें विशेष महत्व माना जाता है। बसंत पंचमी के बाद इसमें श्रृंगार भाव का समावेश हो जाता है। आज की होली के शुभारंभ के अवसर पर विधायक सरिता आर्य, पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, संस्कृतिकर्मी जहूर आलम, संरक्षक घनश्याम साह और पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने दीप प्रज्वलन किया।

विधायक सरिता आर्य ने इस अवसर पर सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रसिद्ध होलियारों नरेश चम्याल, सतीश पांडे, अजय कुमार, मनोज पांडे, रक्षित साह, नवीन बेगाना, गिरीश भट्ट, संजू, प्रकाश भट्ट, नीरज सती और राहुल जोशी ने गणेश वंदना के साथ “सब सखियांनं में राधा”, “मैया के मंदिरवा में”, “शिव शंकर को ध्यान”, “अपने राम को मनाऊं”, “मालिक सीता राम” जैसे पारंपरिक होली गीतों से समां बांधा।

कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, उपसचिव राजेंद्र बिष्ट, प्रबंधक बिमल चौधरी, देवेंद्र लाल साह, राजेंद्र लाल साह, गिरीश जोशी, गोविंद सिंह, ललित साह, डॉ. रेखा साह, सुषमा डंडरियाल, हरीश राणा, अमर साह सहित अनेक श्रद्धालु और नगरवासी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *