नीले ड्रम में मिली पति की लाश: मासूम बेटे की गवाही ने खोले सनसनीखेज राज
अलवर, 19 अगस्त (Kiran News)। तिजारा-खैरथल जिले के किशनगढ़ बास कस्बे में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसमें एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। यह चौंकाने वाली घटना 17 अगस्त की दोपहर उजागर हुई, जबकि कत्ल एक दिन पहले हो चुका था। इस पूरे मामले का सबसे बड़ा गवाह दंपत्ति का मासूम बेटा हरसल बना, जिसने अपनी आंखों से वह मंजर देखा जिसे कोई बच्चा कभी नहीं भूल सकता।

मासूम बेटे हरसल ने बिलखते हुए मीडिया को बताया कि “रात को पापा और अंकल जितेंद्र ने शराब पी। फिर पापा और मम्मी के बीच झगड़ा हुआ। पापा ने मम्मी को मारा, तो अंकल ने मम्मी को बचाया। मैंने देखा मम्मी ने पापा के पैर पकड़े और अंकल ने पापा का मुंह दबा दिया… फिर मुझे सुला दिया गया। सुबह जब उठा तो लगा पापा सो रहे हैं, लेकिन आठ बजे अंकल ने पापा को नीले ड्रम में डाला। मैंने पूछा—पापा को ड्रम में क्यों डाल रहे हो? तो बोला—तुम्हारे पापा ने सबको मारा था, अब मर गए हैं…” हरसल की मासूम आवाज सुनकर पुलिसकर्मी और अस्पताल में मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पत्नी के अवैध संबंधों के बारे में पति को पहले से शक था, इसी वजह से आए दिन झगड़े होते थे। हत्या की रात भी जबरदस्त विवाद हुआ और पति ने प्रेमी पर तंज कसा—“क्या लगती है ये तेरी?” इसके बाद गुस्से और नफरत में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति का कत्ल कर दिया। आरोपियों ने शव को छुपाने के लिए घर में रखा नीला प्लास्टिक ड्रम चुना, मगर सच ज्यादा देर नहीं छुप सका। पुलिस ने मकान मालिक की सूचना पर ड्रम से पति का शव बरामद किया। वारदात के बाद पत्नी और मृतक के तीनों बच्चे गायब हो गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।



