Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
SPORTS

मैंने बस सही लेंथ पर गेंद डाली और विकेट का फायदा उठाया: अर्शदीप सिंह

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह

धर्मशाला, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद अपनी सफलता का श्रेय बुनियादी बातों पर टिके रहने और धर्मशाला की अनुकूल परिस्थितियों का सही इस्तेमाल करने को दिया।

एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अर्शदीप ने चार ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट लिए और भारत की सात विकेट से जीत की मजबूत नींव रखी। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के बाद अर्शदीप ने कहा, “कुछ भी नहीं बदला। मैंने बस सही लेंथ पर गेंद डाली और विकेट से मिलने वाली मदद का पूरा फायदा उठाया। ठंडे मौसम के कारण स्विंग और सीम दोनों मिल रही थीं। मैंने चीजों को सरल रखा और उसका इनाम मिला।”

उन्होंने न्यू चंडीगढ़ में पिछले मैच के बाद वापसी को लेकर भी बात की। अर्शदीप ने कहा, “जब मैं मैदान पर उतरा तो लोग कह रहे थे कि यह भी तुम्हारा होम ग्राउंड है, लेकिन मैंने कहा कि यह मेरा होम ग्राउंड नहीं है। इसके बाद सिर्फ बुनियादी चीजों पर भरोसा किया। इस स्तर पर खेलते हुए कभी-कभी एक दिन खराब हो सकता है, लेकिन यह अच्छा लगता है कि इस मैच में मैं बेहतर कर पाया।”

रीजा हेंड्रिक्स के खिलाफ डीआरएस लेने को लेकर अर्शदीप ने कहा कि यह फैसला सूर्यकुमार यादव का था।

उन्होंने कहा, “पैड पर लगते ही मुझे पता था कि वह आउट है। जितेश से भी सहमति मिल गई थी। सूर्या भाई ने बस थोड़ा सस्पेंस बनाने के लिए इंतजार किया।”

वहीं डेवॉल्ड ब्रेविस के खिलाफ रिव्यू न लेने पर उन्होंने हंसते हुए कहा, “एक गेंदबाज हर रिव्यू लेना चाहता है। मुझे लगा गेंद पैड पर दो बार लगी थी, इसलिए कन्फ्यूजन हुआ। अगली बार ध्यान रखूंगा।”

इस मुकाबले में किफायती गेंदबाजी करने वाले वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट लेकर पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय में 50 विकेट पूरे करने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया।

वरुण ने कहा कि ठंडे हालात चुनौतीपूर्ण थे, लेकिन टीम की तैयारी शानदार रही।

उन्होंने कहा, “मैंने इतनी ठंड में पहले कभी नहीं खेला। परिस्थितियां मुश्किल थीं, लेकिन हमारी तैयारी अच्छी थी।”

न्यू चंडीगढ़ में हार के बाद बदलाव को लेकर वरुण ने कहा, “हमारी एक अच्छी गेंदबाजी मीटिंग हुई, जिसमें खुलकर बातचीत हुई। हमने अपनी गलतियों को पहचाना और सही अप्रोच पर काम किया। इसका नतीजा आज दिखा।”

अपने प्रदर्शन पर बात करते हुए वरुण ने कहा, “आज गेंद ज्यादा स्किड कर रही थी, इसलिए मैंने ज्यादा टर्न कराने के बजाय अपनी ताकत पर भरोसा किया। जब तक मैं भारत के लिए खेल रहा हूं और विकेट ले रहा हूं, अच्छा महसूस करता रहूंगा।”

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *