Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

आईआईटी : मैनेजमेंट लीडरशिप डेवलपमेंट कार्यक्रम का शुभारंभ

jodhpur

पंचायती राज विभाग एवं यूनिसेफ के सहयोग से अधिकारियों को मिलेगा उन्न्त नेतृत्व एवं प्रबंधन प्रशिक्षण

जोधपुर, 2 दिसंंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पांच दिवसीय मैनेजमेंट लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 6 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पंचायती राज विभाग, राजस्थान एवं यूनिसेफ राजस्थान का सक्रिय सहयोग प्राप्त है।

उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने स्थानीय शासन को सुदृढ़ बनाने, पंचायत स्तरीय नेतृत्व एवं प्रबंधन क्षमताओं के विस्तार, तथा सतत विकास लक्ष्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऐसे क्षमता विकास कार्यक्रमों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर सुशासन और नीतिगत क्रियान्वयन को प्रभावी बनाने में प्रशिक्षित नेतृत्व की भूमिका निर्णायक होती है। इस प्रथम बैच में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए 30 जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत नेतृत्व विकास, प्रबंधन कौशल, रणनीतिक योजना, डिजिटल गवर्नेंस, एवं समुदाय-केंद्रित विकास दृष्टिकोण जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र, चर्चाएँ एवं इंटरेक्टिव गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। यह प्रशिक्षण पंचायती राज संस्थाओं को तकनीकी और प्रशासनिक रूप से और अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उद्घाटन सत्र में प्रवीण कुमार, डॉ. आनंद पल्लपल्ली, शफकत हुसैन, डॉ. के. रवीचंद्रन तथा विक्रम सिंह राघव उपस्थित रहे। कार्यक्रम आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण पंचायत स्तर पर सुशासन, पारदर्शिता और विकासोन्मुख पहलों को नई दिशा देगा।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *