Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

कोलकाता एयरपोर्ट पर टीएमसी काउंसिलर से अवैध हथियार बरामद, विपक्ष उठाए गंभीर सवाल

कोलकाता, 22 सितंबर (Udaipur Kiran) । कोलकाता एयरपोर्ट पर अवैध हथियार और कारतूस के साथ तृणमूल कांग्रेस के एक काउंसिलर के पकड़े जाने का मामला सामने आया है। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को इस घटना को लेकर जोरदार आरोप लगाए कि प्रशासन की मिलीभगत के कारण काउंसिलर को छोड़ दिया गया। उन्होंने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर दावा किया कि ममता पुलिस के संरक्षण में टीएमसी नेता कानून को ताक पर रख रहे हैं।

शुभेंदु अधिकारी के अनुसार, दक्षिण 24 परगना के पूजाली नगर निगम के 14 नंबर वार्ड के काउंसिलर अमीरुल इस्लाम को रविवार को सीआईएसफ ने एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया था। उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए थे। नियम के अनुसार उन्हें विधाननगर कमिश्नरेट पुलिस स्टेशन में सौंपा गया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

शुभेंदु अधिकारी ने सवाल उठाया कि अमीरुल इस्लाम का इरादा क्या था। राज्य के बाहर हथियारों की तस्करी या विमान अपहरण की कोशिश? उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण अपराधी नेता सुरक्षित हैं और पुलिस राजनीतिक दबाव में हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में टीएमसी नेता अब बेहद बेपरवाह हैं। उनके अनुसार, चंदाबाजी, सुरक्षा बलों के माध्यम से दबदबा, सोने की तस्करी और हथियार तस्करी खुलेआम जारी है। अधिकारी ने विधाननगर पुलिस कमिश्नर मुकेश कुमार, राज्य पुलिस के डीजी राजीव कुमार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे निर्देशों के अनुसार ही कार्रवाई करते हैं।

शुभेंदु ने केंद्र से हस्तक्षेप की भी मांग की। उन्होंने केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन से अनुरोध किया कि राज्य सरकार से इस घटना की रिपोर्ट मांगी जाए और सीआईएसफ द्वारा गिरफ्तारी का फुटेज सार्वजनिक किया जाए।

सूत्रों के अनुसार, रविवार को दोपहर 2:15 बजे अमीरुल इस्लाम एयरपोर्ट पहुंचे थे और मुंबई के लिए फ्लाइट पकड़ने वाले थे। सुरक्षा जांच के दौरान उनके पास अवैध पिस्टल और कारतूस पाए गए, जिसके वैध दस्तावेज़ वह पेश नहीं कर पाए।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *