Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

अवैध गैस रिफिलिंग कारोबार का किया भंडाफोड़

अवैध गैस रिफिलिंग कारोबार का किया भंडाफोड़

जयपुर, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला रसद अधिकारी प्रथम ने जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत प्राप्त सूचना के आधार पर जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम द्वारा तत्काल दो विशेष सतर्कता दलों का गठन किया गया। जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित इन सतर्कता दलों द्वारा जयपुर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध गैस रिफिलिंग के मामलों का पर्दाफाश किया गया।

प्रथम सतर्कता दल द्वारा सत्यम रेजीडेंसी के पास, जगतपुरा वार्ड संख्या 68 जयपुर में दबिश दी गई। मौके पर अवैध गैस रिफिलिंग करते हुए कुल 441 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान हिंदुस्तान पेट्रोलियम अंकित एक ट्रक से भारत पेट्रोलियम के 322 भरे हुए सिलेंडर, एक पिकअप वाहन से 13, एक अल्टो कार से 03, एक कमरे से 10 तथा एक पेड़ के नीचे जमीन पर रखे 93 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मौके पर एचपीसीएल और बीपीसीएल दोनों कंपनियों के सिलेंडर पाए गए। इसके अतिरिक्त मौके से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा तीन मोबाइल फोन, एक भट्टी, दो रबर पाइप एवं दो रेगुलेटर जब्त किए गए।

द्वितीय सतर्कता दल द्वारा बड़ा रामद्वारा, सांगानेर जयपुर में दबिश दी गई। यहां से 21 घरेलू एवं 84 कमर्शियल गैस सिलेंडर, कुल 105 सिलेंडर जब्त किए गए। साथ ही अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त सामग्री पांच रेगुलेटर, दो रबर पाइप, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक भट्टी, दो रिफिलिंग बाँसुरी तथा सांगानेर गैस एजेंसी के बिल वाउचर भी जब्त किए गए। इस प्रकरण में एक व्यक्ति को मौके से पकड़ा गया।

दोनों कार्रवाइयों के दौरान कुल 546 घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि अवैध गैस रिफिलिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जन सुरक्षा के लिए भी अत्यंत घातक है। इस प्रकार की गतिविधियों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *