
जयपुर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) . एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाए रहने से प्रदेश के अधिकांश शहरों के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई. प्रदेश के शहरों के पारे में 1 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. प्रदेश के 7 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया. 7.8 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ की रात सबसे सर्द रही. वहीं प्रदेश के कई शहरों में घना कोहरा नजर आया. कई शहरों में तो विजिबिलिटी घटकर 10 फीट तक रह गई.
मौसम विभाग के अनुसार चित्तौडग़ढ़ के अलावा पिलानी और सीकर का न्यूनतम तापमान 9, सिरोही का 9.1, चूरू का 9.2, माउंट आबू का 9.4 और बारा का 9.8 डिग्री दर्ज किया गया. 33 डिग्री के साथ बीकानेर का दिन और 19.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही. पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से सबसे ज्यादा 8 डिग्री पारा डूंगरपुर में चढ़ा. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी Rajasthan के कुछ भागों में 22 दिसंबर को बादल छाए रहने व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है. हालांकि, अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है. 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के प्रभाव से पुन: न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने व 23-24 दिसंबर को राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा दर्ज होने की संभावना है.
जयपुर के आस-पास के ग्रामीण इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा. इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कोहरे के चलते विजिबिलिटी 30 फीट से भी कम रही. जयपुर में दिनभर हल्की से मध्यम गति की हवाएं चली. इससे जयपुर के दिन के पारे में 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई तो वहीं रात के पारे में 2 डिग्री की बढ़ोतरी रही. जयपुर का अधिकतम तापमान 26.1 और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया.
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
