Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

पिकनिक सीजन में दीघा में प्रशासन सतर्क, होटल मालिकों के साथ की गई अहम बैठक

दीघा में बैठक करते हुए होटल मालिक और अधिकारी
जानकारी देते हुए अधिकारी

पूर्व मेदिनीपुर, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पिकनिक और वर्षांत उत्सव के मद्देनज़र पूर्व मेदिनीपुर जिले के प्रसिद्ध समुद्र तट दीघा में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार देर शाम दीघा विकास परिषद कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाशासक, कार्यवाहक जिला पुलिस अधीक्षक, दीघा विकास परिषद के अधिकारी तथा होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि 25 दिसंबर से दीघा शहर रोशनी से जगमगा उठेगा। होटल व्यवसायी अपने-अपने प्रतिष्ठानों को सजा रहे हैं, वहीं दीघा विकास परिषद की ओर से जगन्नाथ मंदिर से सटे मार्ग, ओल्ड दीघा और न्यू दीघा के विस्तृत समुद्र तट क्षेत्र को आकर्षक लाइटिंग से सजाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही पर्यावरण विभाग से अनुमति मिलने पर ओलंपिक के तर्ज पर आतिशबाजी का भव्य प्रदर्शन भी किया जाएगा।

बैठक के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में अधिक पर्यटकों के आने की संभावना है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और समुद्र तट की सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी और सी-फ्रंट इलाके में कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

वर्षांत और नववर्ष के जश्न को लेकर सागर तट पर उत्सव का माहौल है। प्रशासन ने होटल मालिकों से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अधिकारियों ने कहा कि दीघा आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और यादगार अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *