व्हाइट हाउस में आज जेलेंस्की, ट्रंप और यूरोपीय संघ के नेताओं की अहम मुलाकात

वाशिंगटन, 18 अगस्त (Kiran News)। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की आज व्हाइट हाउस में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में यूरोपीय संघ के प्रमुख नेता भी शामिल होंगे। यह बैठक ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हालिया मुलाकात के कुछ दिन बाद हो रही है, जिसमें पुतिन ने यूक्रेन युद्ध के समाधान के लिए एक नई शांति योजना पेश की थी। इस योजना के तहत रूस चाहता है कि यूक्रेन अपने भू-भाग का एक बड़ा हिस्सा छोड़ दे।
द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर भी जेलेंस्की के साथ रहेंगे, ताकि रूस के खिलाफ एकजुटता दिखाई जा सके। पुतिन और ट्रंप की शुक्रवार को अलास्का में हुई वार्ता के बाद युद्धविराम की संभावनाएं चर्चा में हैं, लेकिन रूस के प्रस्ताव को यूक्रेन के लिए स्वीकार करना मुश्किल माना जा रहा है, क्योंकि रूस ने यूक्रेन से डोनबास क्षेत्र छोड़ने की मांग की है।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति के दूत स्टीव विटकॉफ ने रविवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने अलास्का वार्ता में कुछ रियायतों की तरफ इशारा किया है। अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो ने भी चेतावनी दी है कि रूस और यूक्रेन दोनों को ही शांति के लिए कुछ न कुछ रियायतें देनी होंगी। यूरोपीय नेताओं ने स्पष्ट किया है कि वे आज जेलेंस्की के साथ व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात कर रूस के खिलाफ साझा रणनीति बनाने की कोशिश करेंगे।



