जयपुर, 21 अगस्त (Udaipur Kiran). Rajasthan में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 28 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. जयपुर और कोटा में बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी रुक-रुक कर जारी रही. मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने तात्कालिक चेतावनी देते हुए कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है.

इन अलर्ट के तहत जयपुर, अजमेर, नागौर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, करौली, टोंक, बूंदी, बारां, कोटा और झालावाड़ सहित कई जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
बुधवार को दोपहर बाद जयपुर, टोंक, भीलवाड़ा, करौली, भरतपुर, अजमेर और पाली सहित कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई. झालावाड़ में दो इंच पानी बरसा. जयपुर में शाम की बारिश ने उमस और गर्मी से राहत दी. हालांकि बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ गिर गए और रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.
जोधपुर जिले के भोपालगढ़ के गादेरी गांव में रामदेवरा यात्रा पर निकले तीन श्रद्धालुओं की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान नागौर के डांगावास निवासी नरेंद्र (20), सचिन (19) और लखन उर्फ लकी (16) के रूप में हुई है.
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज हुई. सिरोही के आबूरोड में 31 मिमी, झालावाड़ के झालरापाटन में 50 मिमी, मनोहरथाना में 28 मिमी, अकलेरा में 45 मिमी, झालावाड़ शहर में 46 मिमी, प्रतापगढ़ के धरियावद में 28 मिमी, बांसवाड़ा के केसरपुरा में 21 मिमी, राजसमंद के खमनोर में 10 मिमी और चित्तौड़गढ़ के कपासन में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई. उदयपुर के बारापाल में 14, गोगुंदा में 12, श्रीगंगानगर के हिंदूमलकोट में 16, कोटा में 19.5, जालोर में 18.5, बारां के किशनगंज में 25 और डूंगरपुर के गलियाकोट में 15 तथा चिखली में 12 मिमी बरसात दर्ज की गई है.