जयपुर-दौसा में झमाझम बारिश: चार इंच से ज्यादा पानी, गलता में 20 लोग फंसे, बीसलपुर बांध के 6 गेट खोले
जयपुर, 3 सितंबर (Kiran News): राजस्थान में मानसून का दौर जारी है। बुधवार को जयपुर और दौसा में हुई झमाझम बारिश (चार इंच से ज्यादा) से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर पानी भरने से लंबा जाम लग गया और कई वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए।

जयपुर के गलता तीर्थ क्षेत्र में पानी के तेज बहाव में 20 श्रद्धालु फंस गए। रेस्क्यू टीम ने ह्यूमन चेन बनाकर सभी को सुरक्षित निकाला। दौसा में भारी बारिश के बीच पुलिस वैन ट्रक से टकरा गई, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए।
बारिश से जनजीवन प्रभावित
जयपुर में बुधवार को निचली बस्तियों, अस्पतालों, दुकानों और मंदिरों में पानी भर गया। तूंगा में सबसे ज्यादा 102 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आमेर में 60, जेएलएन मार्ग पर 50, कोटखावदा में 51, जमवारामगढ़ में 49, सांगानेर में 37, बस्सी में 32 और कलेक्ट्रेट पर 13 मिमी बारिश दर्ज की गई।
झुंझुनूं में एक मकान की छत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कोटा के दरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हो गया, जिसके कारण कोटा-मुंबई रूट पर 9 ट्रेनों को रोकना पड़ा। कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर दरा नाले के पास भी पानी भर गया और ट्रैफिक प्रभावित रहा।
बीसलपुर बांध के 6 गेट खोले गए
लगातार बारिश से बीसलपुर बांध में पानी की आवक बढ़ गई है। बुधवार को बांध के 6 गेट खोलकर 30,050 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसमें 9, 10, 11 और 12 नंबर गेट 1 मीटर तथा 8 और 13 नंबर गेट 0.50 मीटर खोले गए।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का असर राजस्थान पर पड़ रहा है। अगले 3-4 दिनों तक कोटा, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर और जयपुर संभाग में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं 5 से 7 सितंबर तक जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
हालिया बारिश का आंकड़ा
दौसा के सिकराय में 103 मिमी, सवाई माधोपुर के वजीरपुर में 72, बूंदी के हिंडौली में 70, करौली के महावीर जी और नादौती में 50-50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मंगलवार को करौली के टोडाभीम में सबसे ज्यादा 105 मिमी बारिश हुई थी।



