Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

जींद में सफाई कर्मचारियों ने किया शहर में प्रदर्शन

मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए।

जींद, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । ऑल सफाई कामगार यूनियन हरियाणा और नगर पालिका संघ हरियाणा से संबंधित शहरी व ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को शहर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार आत्महत्या मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व नगर पालिका संघ के ब्लॉक प्रधान बिजेंद्र ने किया।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार द्वारा की गई आत्महत्या और उनके सुसाइड नोट में किए गए गंभीर खुलासों पर गहरी चिंता व्यक्त की तथा आरोपितों के खिलाफ उचित और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को भी संस्थागत उत्पीडऩ और मानसिक प्रताडऩा का शिकार होना पड़े तो यह प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि वाई पूरन कुमार के सुसाइड नोट में जिन लोगों पर उत्पीडऩ और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं, उनकी तुरंत जांच कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और न्यायिक जांच आयोग गठित किया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गवई पर जूता फेंकने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और इसे देश के न्याय तंत्र पर हमला बताया। यूनियन नेताओं ने कहा कि यह हर लोकतंत्र प्रेमी नागरिक के आत्मसम्मान पर चोट है। उन्होंने इस घटना के पीछे शामिल मनुवादी मानसिकता वाले वकील को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शन में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला सचिव पवन कुमार, नगर पालिका संघ के नेता सोहनलाल, अजय, सुरजीत, पूनम, जितेंद्र, सुमित, संदीप, सूरजमल, सुरेश, सुनील, बलवान, बलवंत, अनिल, सोमनाथ, रानी, सुनीता सहित काफी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *