Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

नैनीताल में दिसंबर में गर्मी, रात्रि का तापमान भी दहाई में, दिन का तापमान दोगुने से भी अधिक

नैनीताल में तापमान के आँकड़े
खुले आसमान के साथ निखरी सरोवरनगरी नैनीताल की छटा।

नैनीताल, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । इसे मौसमी परिवर्तन कहें या कि आने वाले दिनों में मौसम के बदलाव का संकेत, सर्दियों के दिसंबर माह के दूसरे पखवाड़े में बुधवार को नगर में रात्रि का तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस यानी दहाई में और दिन का तापमान इसका दोगुना-21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

आर्द्रता भी 24 प्रतिशत दर्ज की गयी है। ऐसे मौसम में दिन में जहां सर्दियों के मौसम में आदतन गर्म कपड़े पहनकर निकल रहे लोगों को पसीना निकल रहा है, वहीं सुबह-शाम की ठंड पर भी एक हद तक ब्रेक लग गये हैं। दूसरी ओर आज जनपद के ही निकटवर्ती मैदानी क्षेत्र हल्द्वानी में दिन में भी कोहरा छाया रहा, और दिन में ठीक से धूप नहीं आयी और ठंड महसूस की गयी। ऐसे मौसम पर लोग आश्चर्य व्यक्त कर रहे हैं।

हालांकि यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व के वर्षों में कई बार दिसंबर-जनवरी के महीनों में ऐसा मौसम देखा जाता रहा है। बल्कि पूर्व में कई बार इस मौसम में सुबह के मौसम में गर्म हवा चलने जैसी अनुभूति भी नगर वासी महसूस कर चुके हैं। इसलिये यह नहीं कहा जा सकता कि ऐसा मौसम पहली बार हो रहा है। गौरतलब है कि नैनीताल सहित पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले दो दशक से भी अधिक समय से सर्दियों के मौसम में सामान्यतया आकाश में बादलों का एक कतरा भी नहीं रहता है।

इस कारण पूरे दिन अच्छी गुनगुनी धूप खिलती है, परंतु रात्रि में पाला गिरने से काफी ठंड होती है और कई बार पाला बर्फ की तरह जम भी जाता है। यह भी देखा गया है कि सर्दियों के मौसम में जब-जब मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाता है, तब-तब नैनीताल सहित निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में आसमान साफ रहता है और कुछ दिनों में मैदानी क्षेत्रों का कोहरा ऊपर उठकर पर्वतीय क्षेत्रों के आसमान में बादलों के रूप में छा जाता है और फिर पहाड़ों पर ठंड हो जाती है।

ऐसा भी होता है कि जब पहाड़ों पर सर्दियों के मौसम में आज-कल जैसी गर्मी होती है, तो कुछ दिनों में फिर इसी चक्र के कारण आसमान में बादलों के छाने से कड़ाके की ठंड भी पड़ जाती है। ऐसे में आगामी क्रिसमस व थर्टी फर्स्ट तक नगर में बर्फबारी की उम्मीद भी की जा रही है।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *