जंगल में भालू ने दो युवकों पर किया हमला, बैल खोजने गए थे – दोनों गंभीर घायल
उदयपुर जिले की फुलवारी की नाल अभयारण्य में बुधवार शाम एक भालू ने दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया। यह घटना फलासिया पंचायत समिति के धरावण गांव के पास स्थित वनखंड क्षेत्र की है। हमले में मोतीलाल (35) पुत्र भीमराज खराड़ी और मोहनलाल (40) पुत्र कालू खराड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों जंगल में अपने लापता बैल को खोजने गए थे। इसी दौरान अचानक भालू से सामना हो गया, जिससे बचने की कोशिश के बावजूद भालू ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीण जैसे-तैसे जान बचाकर वहां से भागे।

घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलासिया में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया। यहां से उन्हें गंभीर हालत में उदयपुर रेफर कर दिया गया। दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। मोहनलाल के पैर में 12 टांके आए हैं और मोतीलाल को सिर व कान में चोट लगी है।
मोतीलाल ने बताया कि उनका बैल एक सप्ताह से घर नहीं लौटा था। रोज़ उसे खोजने के लिए जाते थे। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों पहाड़ी पर गए थे, तभी अचानक भालू ने मोहनलाल पर हमला कर दिया। मोहनलाल को बचाने के दौरान भालू ने मोतीलाल पर भी हमला कर दिया। दोनों ने शोर मचाया, जिससे भालू जंगल की ओर भाग गया। उदयपुर से करीब 100 किमी दूर फुलवारी की नाल अभयारण्य कोटड़ा, मामेर और पानरवा रेंज में फैला है। यह सेंचुरी करीब 511 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली है, जिसमें हाल ही की वन्यजीव गणना में 48 भालू पाए गए हैं। इस सेंचुरी के अंदर करीब 133 गांव भी बसे हैं।



