Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
ASSAM

गुवाहाटी स्टेशन पर विश्वस्तरीय रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री का उद्घाटन

गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर विश्वस्तरीय रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री के उद्घाटन की तस्वीर।

गुवाहाटी, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । यात्रियों की सुविधा और स्टेशन अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) ने लामडिंग मंडल के अंतर्गत गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर रिटायरिंग रूम एवं डॉरमेट्री सुविधाओं का व्यापक विकास किया है। उन्नत सुविधाओं का शुभारंभ पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ किया गया।

स्टेशन भवन के प्रथम तल पर स्थित रिटायरिंग रूम परिसर को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। इसमें कुल नौ रिटायरिंग रूम शामिल हैं, जिनमें सात दो-बेड वाले और दो पांच-बेड वाले कमरे हैं, साथ ही 12 बिस्तरों की एक डॉरमेट्री भी उपलब्ध है। विकास के तहत सभी कमरों को पूर्णत: वातानुकूलित किया गया है तथा बेहतर बेड, आकर्षक इंटीरियर और स्वच्छ वातावरण की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को ठहरने के दौरान आधुनिक और आरामदायक अनुभव मिल सके।

यह पहल रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि का माध्यम बनेगी। नए प्रबंधन मॉडल के तहत एनएफआर को आगामी पांच वर्षों की अनुबंध अवधि में लगभग 1.94 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है, जबकि रखरखाव, संचालन अथवा नवीनीकरण पर रेलवे को कोई व्यय नहीं करना पड़ेगा। यह पूर्व की आंतरिक व्यवस्था की तुलना में आय में उल्लेखनीय वृद्धि है।

रिटायरिंग रूम और डॉरमेट्री सेवाओं को खुली निविदा प्रक्रिया के माध्यम से आउटसोर्स किया गया है, जिसमें नवीनीकरण, उन्नयन, प्रबंधन और रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी सेवा प्रदाता को सौंपी गई है। यह अनुबंध पांच वर्षों के लिए दिया गया है और सभी नवीनीकरण कार्य रेलवे पर किसी भी वित्तीय बोझ के बिना पूरे किए गए हैं। यह कदम भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और यात्री-केंद्रित सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एनएफआर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *