Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

आयकर विभाग ने नोखा में आयोजित की आउटरीच कार्यशाला

आयकर विभाग की कार्यशाला में बैंक खाते किराए पर देने और फर्जी चंदे के प्रति दी गई चेतावनी

बीकानेर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । आयकर विभाग द्वारा कर जागरूकता और अनुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को आयकर कार्यालय, नोखा में आउटरीच प्रोग्राम के तहत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संयुक्त आयकर आयुक्त, रेंज–1 बीकानेर कंचना राम मीना के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यशाला में नोखा कर सलाहकार संघ के सदस्यों, स्थानीय प्रमुख व्यवसायियों तथा ई-मित्र संचालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संयुक्त आयकर आयुक्त कंचना राम मीना, आयकर अधिकारी (आईटीओ) नोखा ललित कुमार छाबड़ा तथा आयकर निरीक्षक हनुमान प्रिय जैन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान म्यूल बैंक खातों अर्थात अपने बैंक खातों को किराए पर देने की प्रवृत्ति और इससे होने वाले आर्थिक व कानूनी नुकसान की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्व-निर्धारण कर के स्थान पर अग्रिम कर जमा करने की प्रक्रिया, पैन डुप्लीकेशन से जुड़ी सामान्य त्रुटियों से बचाव, टीडीएस कटौती में सावधानी, आयकर रिटर्न में गलत आय, छूट या कटौती दर्शाने पर लगने वाली पेनल्टी व ब्याज की जानकारी भी साझा की गई।

वक्ताओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों से फर्जी चंदे की रसीद लेकर धारा 80जीजीसी के तहत बोगस रिफंड लेने के मामलों में आयकर विभाग द्वारा की जाने वाली सख्त कार्रवाई के बारे में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया। इसके अलावा कर अनुपालन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के अंत में टैक्स बार के सदस्यों की ओर से अनिल जैन एवं रामस्वरूप धारणियां ने संयुक्त आयकर आयुक्त कंचना राम मीना तथा आईटीओ ललित कुमार छाबड़ा का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला का मंच संचालन नारायण बच्छ एवं नवरतन तिवाड़ी ने किया।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *