Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
SPORTS

भारत-पाकिस्तान विश्व कप मुकाबले ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, बना महिला क्रिकेट इतिहास का सबसे ज़्यादा देखा गया अंतरराष्ट्रीय मैच

भारत पाकिस्तान के बीच मैच का दृश्य

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

भारत और पाकिस्तान के बीच 5 अक्टूबर को खेले गए महिला वनडे विश्व कप मुकाबले ने दर्शक संख्या के सभी पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार, इस मैच ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 28.4 मिलियन की पहुंच और 1.87 अरब मिनट के व्यूइंग टाइम के साथ महिला क्रिकेट इतिहास का सबसे ज़्यादा देखा गया अंतरराष्ट्रीय मैच बन गया है।

आईसीसी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि यह मुकाबला दर्शक संख्या के लिहाज़ से टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच रहा। वहीं, लीग चरण के पहले हिस्से में भी दर्शकों की संख्या में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि देखने को मिली है।

भारत-पाकिस्तान मैच टीवी पर भी विश्व कप इतिहास का सबसे ज्यादा रेटिंग वाला लीग मैच बन गया है। टूर्नामेंट के पहले 11 मैचों ने कुल 72 मिलियन दर्शकों तक पहुंच बनाई, जो पिछली बार की तुलना में 166% अधिक है। इसके साथ ही, व्यूइंग मिनट्स में 327% की वृद्धि दर्ज की गई और यह आंकड़ा 6.3 अरब मिनट तक पहुंच गया।

स्टेडियम में दर्शकों की उपस्थिति भी उत्साहजनक रही है। भारत में भारतीय टीम के मैचों और श्रीलंका में श्रीलंका के मैचों में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। हालांकि, अन्य टीमों के मुकाबलों में दर्शक संख्या अपेक्षाकृत कम रही। कोलंबो में जब भारत या श्रीलंका नहीं खेल रहे होते हैं तो दर्शक संख्या हजारों में रही है। मौसम ने भी उपस्थिति को प्रभावित किया है।

आईसीसी और जियोहॉटस्टार के संयुक्त आंकड़ों के मुताबिक, टूर्नामेंट के पहले 13 मैचों तक 60 मिलियन से अधिक दर्शक पहुंचे, जो 2022 संस्करण की तुलना में पांच गुना अधिक है। वहीं कुल वॉच टाइम 7 अरब मिनट तक पहुंच गया, जो पिछले टूर्नामेंट से 12 गुना अधिक है।

12 अक्टूबर को भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले में 4.8 मिलियन पीक समकालिक दर्शक दर्ज किए गए, जो महिला क्रिकेट के इतिहास में एक और नया रिकॉर्ड है।

रिकॉर्ड एक नज़र में

भारत-पाकिस्तान मैच की पहुंच: 28.4 मिलियन

व्यूइंग टाइम: 1.87 अरब मिनट

कुल पहुंच (पहले 11 मैच): 72 मिलियन

व्यूइंग टाइम (कुल): 6.3 अरब मिनट

ऑस्ट्रेलिया मैच पर पीक व्यूअरशिप: 4.8 मिलियन

यह उपलब्धि महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और दर्शकों में बढ़ते रोमांच को दर्शाती है।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *