बाड़मेर: मूसलाधार बारिश के बीच भारतीय सेना ने दासुरिया गांव के 21 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला
जयपुर, 09 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। राजस्थान के बाड़मेर जिले में मूसलाधार बारिश से घिरे दासुरिया गांव में भारतीय सेना के जवानों ने बड़ा राहत अभियान चलाकर महिलाओं और बच्चों सहित 21 ग्रामीणों की जान बचाई। यह अभियान 7 और 8 सितम्बर को गोल्डन कटार डिवीजन के सैनिकों द्वारा संचालित किया गया।

गांव के सरपंच भंवरलाल बामणिया के तत्काल अनुरोध पर सेना ने यह बचाव कार्य शुरू किया। रैप्टर ब्रिगेड की एक इन्फैंट्री बटालियन की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर खराब मौसम और कठिन हालात के बीच 12 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसी ब्रिगेड की एक आर्म्ड रेजिमेंट ने मोर्चा संभाला और 9 और ग्रामीणों को सुरक्षित निकाल लिया।
यह पूरा अभियान एसडीआरएफ, राजस्थान के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित हुआ। समय पर की गई इस कार्रवाई से बहुमूल्य जीवन बच सके, जो भारतीय सेना की दृढ़ संकल्प, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाता है।



