Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

वर्ल्ड अमेच्योर टीम चैंपियनशिप के लिए भारतीय गोल्फ यूनियन सिंगापुर भेजेगा तीन सदस्यीय टीम

भारतीय गोल्फर रक्षित दहिया

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

भारतीय गोल्फ यूनियन (आईजीयू), जो देश में गोल्फ की राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) है, ने सिंगापुर में होने वाली प्रतिष्ठित वर्ल्ड अमेच्योर टीम चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए तीन सदस्यीय टीम की घोषणा की है। यह चैंपियनशिप 8 से 11 अक्टूबर 2025 तक तानाह मेराह कंट्री क्लब (टाम्पाइन्स कोर्स) में आयोजित होगी।

भारतीय टीम में अरिन आहूजा, रक्षित दहिया और दीपक यादव शामिल हैं। ये खिलाड़ी 35 अन्य देशों के अमेच्योर गोल्फरों से मुकाबला करेंगे और अमेरिका के 34वें राष्ट्रपति ड्वाइट डी. आइजनहावर के नाम पर रखी गई आइजनहावर ट्रॉफी जीतने का प्रयास करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जून में आयोजित दिल्ली-एनसीआर कप में रक्षित दहिया विजेता और दीपक यादव उपविजेता रहे थे।

टीम के कप्तान के रूप में भारतीय गोल्फ यूनियन के महानिदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) विभूति भूषण टीम के साथ सिंगापुर जाएंगे। उन्होंने कहा, “हमारे खिलाड़ी इस टूर्नामेंट के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। आईजीयू ने पिछले साल राष्ट्रीय स्क्वाड प्रणाली बनाई थी, जिसका लाभ हमें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मिल रहा है। रणवीर मित्रो, हरजाई मिल्खा सिंह और कृष्ण चौला जैसे खिलाड़ी लगातार टॉप-10 में जगह बना रहे हैं। हमें भरोसा है कि इस बार भी टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।”

यह चैंपियनशिप पहली बार 1958 में स्कॉटलैंड के सेंट एंड्रूज़ के ओल्ड कोर्स पर आयोजित हुई थी। अमेरिका ने अब तक सबसे अधिक 28 पदक (16 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य) जीते हैं। ऑस्ट्रेलिया (14 पदक), ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड (11), कनाडा (7) और स्वीडन (7) शीर्ष-5 देशों में शामिल हैं।

टाम्पाइन्स कोर्स को 7,394 यार्ड लंबाई और 72 पार के हिसाब से तैयार किया गया है। यह गोल्फ क्लब पहले भी कई विश्वस्तरीय टूर्नामेंट की मेजबानी कर चुका है, जिनमें जॉनी वॉकर क्लासिक, लेक्सस कप, एचएसबीसी विमेंस चैंपियंस, एशियन टूर का इंटरनेशनल सीरीज सिंगापुर और हाना फाइनेंशियल ग्रुप सिंगापुर विमेंस ओपन शामिल हैं।

प्रतियोगिता व्यक्तिगत स्ट्रोकप्ले फॉर्मेट में खेली जाएगी। प्रत्येक राउंड में टीम के तीन खिलाड़ियों में से दो के सर्वश्रेष्ठ स्कोर जोड़े जाएंगे और चार दिनों (72 होल) का कुल स्कोर टीम का अंतिम स्कोर होगा।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *