भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से लिया संन्यास, सोशल मीडिया पर की घोषणा
नई दिल्ली, 27 अगस्त (Kiran News)। दिग्गज भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। हालांकि, अश्विन ने अन्य लीग्स में खेलना जारी रखने की बात भी कही है।

अश्विन ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए संन्यास की घोषणा की। उन्होंने लिखा, ”विशेष दिन और इसलिए विशेष शुरुआत। कहते हैं कि हर अंत के साथ एक नई शुरुआत होती है। एक आईपीएल क्रिकेटर के रूप में मेरा समय आज समाप्त हो रहा है, लेकिन विभिन्न लीग्स में खेल की खोज का मेरा समय आज से शुरू हो रहा है। मैं सभी फ्रेंचाइजियों को इतने सालों की शानदार यादों और रिश्तों के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। सबसे जरूरी आईपीएल और बीसीसीआई को, जिन्होंने अब तक मुझे इतना कुछ दिया है। आगे जो भी मेरे सामने है, उसका आनंद लेने और पूरा लाभ उठाने के लिए उत्सुक हूं।”
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पहले ही ले चुके हैं संन्यास
अश्विन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने 18 दिसंबर 2024 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद भी वह आईपीएल में खेलते रहे, लेकिन अब उन्होंने आईपीएल को भी अलविदा कह दिया है।
पिछले सीजन में नहीं चला जादू
38 वर्षीय अश्विन पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम का हिस्सा थे, लेकिन उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। आईपीएल 2025 में उन्हें 9 मैचों में खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने 7 विकेट लिए और बल्लेबाजी में केवल 33 रन बनाए।
आईपीएल करियर पर एक नजर
अश्विन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से की थी और इसी टीम के साथ अपने करियर का अंत भी किया। वह आईपीएल में सीएसके के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमों का हिस्सा रहे। अश्विन ने पंजाब किंग्स की कप्तानी भी की थी। उन्होंने आईपीएल में कुल 220 मैच खेले, जिसमें 187 विकेट झटके। उनका इकोनॉमी रेट 7.2 रहा और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 34 रन देकर चार विकेट रहा। बल्लेबाजी में उन्होंने 118.16 के स्ट्राइक रेट से 833 रन बनाए।



