Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने रचा इतिहास, 20 साल बाद एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप के लिए किया क्वालीफाई

भारतीय अंडर 17 महिला फुटबॉल टीम

बिश्केक (किर्गिस्तान), 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम ने इतिहास रचते हुए 20 साल बाद एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारत ने शुक्रवार को डोलन ओमुर्जाकोव स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 2-1 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की।

मैच में भारत ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। हेड कोच जोआकिम एलेक्ज़ेंडरसन के रणनीतिक बदलाव ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 40वें मिनट में बोनिफिलिया शुल्लाई की जगह थंदमनी बास्के को मैदान पर उतारा। बास्के ने 55वें मिनट में गोल कर भारत को बराबरी पर ला दिया और फिर 66वें मिनट में अनुष्का कुमारी को पास देकर दूसरा गोल कराने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पहले उज्बेकिस्तान की शकज़ोदा अलीखोनोवा ने 38वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई थी। हालांकि भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में शानदार नियंत्रण दिखाते हुए मैच अपने नाम किया और क्वालिफिकेशन पक्का कर लिया।

यह पहला मौका है जब भारतीय अंडर-17 महिला टीम ने मेरिट के आधार पर एएफसी एशियन कप में जगह बनाई है। भारत आखिरी बार 2005 में इस टूर्नामेंट में खेला था, जब 11 टीमों को सीधे प्रवेश मिला था। लेकिन क्वालिफिकेशन सिस्टम लागू होने के बाद अब तक भारत को कभी जगह नहीं मिल पाई थी।

अब भारत की सीनियर महिला टीम, अंडर-20 महिला टीम और अंडर-17 महिला टीम तीनों ही महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *