Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

भारतीय महिला रग्बी टीम ने एरेस 2025 में बिखेरी चमक, कप्तान शिखा यादव बोलीं- “मुझे टीम पर गर्व”

भारतीय महिला रग्बी टीम ने एरेस 2025 में बिखेरी चमक

कोलंबो, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय महिला रग्बी सेवन्स टीम ने एशिया रग्बी एमिरेट्स सेवन्स सीरीज (एरेस) 2025 के दूसरे चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल मिलाकर छठा स्थान हासिल किया। एशियाई मंच पर यह प्रदर्शन भारतीय महिला रग्बी के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि और बड़ी छलांग मानी जा रही है।

कोलंबो में खेले गए मुकाबलों में भारत ने यूएई को 17-7 और इंडोनेशिया को 50-0 से हराकर धमाकेदार शुरुआत की। 50-0 का यह स्कोर भारत की एसेस इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी जीत रही। टीम ने सिंगापुर को 26-5 से हराकर अपने आत्मविश्वास को और मजबूत किया। हालांकि, जापान और कजाखस्तान जैसी शीर्ष टीमों के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों का जुनून, फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण सराहनीय रहा।

टीम की कप्तान शिखा यादव ने अपने साथियों की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे एक बड़ी बहन जैसा गर्व महसूस हो रहा है, जब मैं देखती हूं कि हमारी टीम ने कितना शानदार प्रदर्शन किया। लड़कियों ने हमारे कोच द्वारा सिखाई हर चीज को फोकस, मेहनत और सही रवैये के साथ लागू किया। जीत से भी बढ़कर, जो यादें और बॉन्ड हमने एक टीम के रूप में बनाए हैं, वो हमेशा हमारे साथ रहेंगे। हमारी सीनियर टीम की प्रगति और अंडर-20 व अंडर-18 टीमों की उपलब्धियों को देखकर मुझे यकीन है कि भारतीय रग्बी का भविष्य उज्ज्वल है।”

टीम के मुख्य कोच पॉल डेलपोर्ट ने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दोनों चरणों में “चरित्र, आत्मविश्वास और लचीलापन” का परिचय दिया। वहीं, भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन (आईआरएफयू) के अध्यक्ष राहुल बोस ने इसे भारतीय महिला रग्बी के लिए “मील का पत्थर” बताया।

प्रमुख स्कोरर:

कल्याणी पाटिल – 20 अंक (4 ट्राई)

शिखा यादव – 20 अंक (4 ट्राई)

संध्या रानी टुडू – 15 अंक (1 ट्राई, 5 कन्वर्जन)

भूमिका शुक्ला – 12 अंक (2 ट्राई, 1 कन्वर्जन)

भारत की यह छठे स्थान की फिनिश न केवल एशियाई स्तर पर उनके उभार का संकेत है, बल्कि आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए एक मजबूत नींव भी रखती है। भारतीय महिला रग्बी अब एशिया में अपनी नई पहचान गढ़ रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *