
इंदौर, 11 दिसम्बर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh के इंदौर में नगर निगम की टीम ने एक करोड़ 76 लाख का संपत्ति कर बकाया होने पर गुरुवार को खालसा कॉलेज का दफ्तर सील कर दिया है. निगम ने कॉलेज प्रबंधन को कई बार टैक्स जमा करने का नोटिस दिया, पर प्रबंधन ने टैक्स जमा नहीं किया. इसके बाद यह कार्रवाई की गई.
दरअसल, नगर निगम की टीम ने बकायादारों के खिलाफ अभियान शुरू किया है. गुरुवार को खालसा कॉलेज पर कार्रवाई की गई है. सुबह निगम के अधिकारी और कर्मचारी खालसा कॉलेज पहुंचे और ऑफिस सील कर दिया. राजमोहल्ला जोन के सहायक राजस्व अधिकारी अखिलेश मालवीय ने बताया कि खालसा कॉलेज के ऑफिस को सील किया है. काफी वक्त से उनका टैक्स बकाया चल रहा है. टैक्स की राशि बढ़कर एक करोड़ 76 लाख हो गई थी. उन्हें कई बार नोटिस दिया गया और बोला भी गया, फिर भी राशि जमा नहीं कर रहे थे.
मालवीय ने बताया कि खालसा कॉलेज को 6 दिसंबर को नोटिस दिया था और तीन दिन में राशि जमा करने के लिए कहा गया था. लगातार नोटिस देने के बाद भी उनके द्वारा राशि जमा नहीं कराई गई. इसके चलते गुरुवार ये कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि अब भी टैक्स जमा नहीं किया जाता है तो निगम की ओर से सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. वैसे कॉलेज प्रबंधन ने बीच में कुछ राशि जमा भी की है, पर अमाउंट बड़ा होने के कारण ऑफिस सील किया गया है.
(Udaipur Kiran) तोमर
