Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

इंदौरः द ग्रैंड वॉकाथॉन-2025 में जुटे108 संस्थाओं के 6100 से ज्यादा प्रतिभागी, बनाया रिकॉर्ड

इंदौरः द ग्रैंड वॉकाथॉन-2025

इंदौर, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एनीमिया और अंगदान की जागरूकता को लेकर रविवार को ‘द ग्रैंड वॉकाथॉन 2025’ का आयोजन हुआ। यह वॉकाथॉन नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर पलासिया चौराहा होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पर खत्म हुई। इस वॉकाथॉन ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इसमें 108 संस्थाओं के 6100 से ज्यादा प्रतिभागी शामिल हुए। इनमें नौ लोग वह हैं, जिन्हें कुछ साल पहले लिवर-किडनी आदि डोनेट हुए थे। इसके अलावा आम नागरिक, छात्र, डॉक्टर, सुरक्षा बलों के जवान और कई सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।

मित्ताशा फाउंडेशन के संस्थापक आलोक सिंह ने बताया कि यह आयोजन अंगदान और एनीमिया के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया था। इस आयोजन को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन से सम्मान मिला है। रिकॉर्ड की पुष्टि के लिए वर्ल्ड बुक की टीम ने ड्रोन कैमरे से प्रतिभागियों की गिनती की, जिसमें 6128 लोगों की सहभागिता दर्ज की गई। इससे पहले अंगदान जागरूकता से जुड़ा रिकॉर्ड 3006 प्रतिभागियों का था, जिसे इस बार संस्था ने दोगुने से अधिक आंकड़े के साथ तोड़ दिया।

आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स (जर्मनी) में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सात खिलाड़ी भी शामिल हुए। इन खिलाड़ियों को उनके नजदीकी परिजनों ने किडनी और लिवर दान किए थे और सभी पूरी तरह स्वस्थ हैं। खिलाड़ियों ने आम लोगों से अपील की कि ऑर्गन डोनेशन में डिमांड और सप्लाई के बीच बड़ा अंतर है, जिसे खत्म करने के लिए समाज को आगे आना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंगदान से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता और इससे कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है।

इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि स्वस्थ लोग ही मजबूत देश बनाते हैं। अंगदान से किसी की जान बचाई जा सकती है। एनीमिया के बारे में जागरूकता युवाओं के अच्छे भविष्य के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि इंदौर हमेशा अच्छे कामों में आगे रहता है और यह वॉकाथॉन पूरे देश को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश देगी। वॉकाथॉन में शामिल लोगों ने एनीमिया से बचाव और अंगदान को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर हर सामाजिक अभियान में जनभागीदारी का सर्वोत्तम उदाहरण रहा है। स्वच्छता हो या सामाजिक अभियान, शहर ने हमेशा देश को नई दिशा दिखाई है।

मिताशा फाउंडेशन के संस्थापक आलोक सिंघी ने बताया कि जब कोई अभियान जनता के समर्थन के साथ आगे बढ़ता है, तभी उसका प्रभाव स्थायी बनता है। फाउंडेशन का लक्ष्य है कि इंदौर सबसे अधिक अंगदान प्रतिज्ञाएं दर्ज करे और एनीमिया को जड़ से खत्म करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए।

वॉकाथॉन में अंगदान रजिस्ट्रेशन बूथ, मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण, एनीमिया जांच, डॉक्टर्स की विशेषज्ञ सलाह, फिटनेस एम्बेसडर्स के संदेश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रतिभागियों के लिए वेलनेस किट उपलब्ध कराई गई है। आईएमए इंदौर, इंडियन डेंटल एसोसिएशन, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040, नहाटा अकादमी, एमजीएम मेडिकल कॉलेज, अधिवक्ता परिषद, भारत विकास परिषद, सक्षम सेवा, माहेश्वरी समाज, जैन समाज, गुजराती समाज सहित 70 से अधिक संस्थाएं इस अभियान से जुड़ी हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *