
– कई ऑनलाइन सुविधाएं होंगी प्रारंभ
इंदौर, 03 दिसम्बर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh के इंदौर में स्थित प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में नव वर्ष की पूर्व संध्या एवं नव वर्ष के पहले दिन श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएँ की जाएंगी. साथ ही, आगामी जनवरी माह में आयोजित होने वाले तिल चतुर्थी महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों और सात दिवसीय मेले का आयोजन भी किया जाएगा. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में अनेक ऑनलाइन सुविधाएँ प्रारंभ करने का निर्णय भी लिया गया है.
यह जानकारी बुधवार को यहाँ कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई खजराना गणेश मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में दी गई. बैठक में दोनों आयोजनों की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, अपर कलेक्टर निशा डामोर, राकेश शर्मा, मुख्य पुजारी अशोक भट्ट, जयदेव भट्ट, विनित भट्ट, पुलिस, नगर निगम, जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि नव वर्ष एवं तिल चतुर्थी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए. मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन, पेयजल, पार्किंग, सफाई, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम समय पर पूर्ण किए जाएँ. ऑनलाइन सुविधाओं का विस्तार कर श्रद्धालुओं को सुगम और आधुनिक सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ. उन्होंने सभी विभागों से समन्वय कर तैयारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पूरा करने के निर्देश दिए.
बैठक में बताया गया कि अंग्रेजी नव वर्ष की पूर्व संध्या तथा पहले दिन श्रद्धालुओं के लिये अनेक व्यवस्थाएं की जायेंगी. भगवान गणेश का विशेष श्रंगार किया जायेगा. इन दोनों दिन संपूर्ण मंदिर परिसर में विशेष विद्युत और फुलों से सजावट की जायेगी. आगामी 31 दिसम्बर को रात्रि 11 बजे तक ही श्रद्धालुओं का प्रवेश मंदिर में रहेगा. मंदिर में एक जनवरी 2026 को प्रात: 4 बजे से दर्शन पुन: प्रारंभ किया जायेगा. आगामी 31 दिसम्बर को पूजारी जयदेव भट्ट महाआरती करेंगे.
खजराना गणेश मंदिर में 6 जनवरी से तिल चतुर्थी महोत्सव प्रारंभ होगा. इस दौरान विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे. साथ ही सात दिन का मेला भी आयोजित किया जायेगा. तिल चतुर्थी के अवसर पर सवा लाख लड्डुओं का विशेष भोग लगाया जायेगा. महोत्सव का प्रारंभ ध्वजा पूजन के साथ होगा. मंदिर में विशेष साज-सज्जा की जाएगी.
बैठक में कलेक्टर वर्मा ने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के लिये अनेक ऑनलाइन सुविधाएं प्रारंभ की जायेंगी. उन्होंने निर्देश दिये कि मंदिर की वेबसाइट को अद्यतन किया जाये. नया पोर्टल और एप भी प्रारंभ किया जाये. सहयोग राशि के लिये क्यूआर कोड की सुविधा भी प्रारंभ की जाये. बैठक के पश्चात कलेक्टर वर्मा ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया और की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने मंदिर के विकास के लिये बनाए गये मास्टर प्लान का देखा और इसे शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश दिये.
(Udaipur Kiran) तोमर
